यातायात नियमों का पालन कराने व दुर्घटना रोकने के आवश्यक उपाय करने के दिए
महासमुंद। तुमगांव थाना अंर्तगत कोडार के पास 24 मई को एनएच-53 पर बिना संकेतक साइड लाइन के अंदर खड़े हाइवा में कार घुस जाने से तीन मौतों के बाद सोमवार को लीड एजेंसी एवं जिला सड़क सुरक्षा टीम ने सड़क दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया और एनएच पर यातायात नियमों का पालन कराने व दुर्घटना रोकने के आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए।बता दें कि शनिवार- रविवार की मध्य रात्रि नरहरपुर (कांकेर) में एसबीआई बैंक में मैनेजर के पद पर पदस्थ चंदन अभिषेक (42), उनकी पत्नी, एक बच्चा, माता-पिता, चालक के साथ अपनी कार क्रमांक आरजे 09 सीडी 1008 से झारखंड बोकारो से रायपुर जा रहे थे। रात करीब एक बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर कोडार के पास खड़े हाइवा क्रमांक सीजी 13 बीडी 7222 से उनकी कार पीछे से घुसी। हादसे में चंदन के पिता अवध किशोर पाण्डेय (69), माता चित्रलेखा पाण्डेय (65) व चालक ईश्वर ध्रुव (34) की मौके पर ही मौत हो गई। चंदन और उनकी पत्नी खुशबू कुमारी और 6 वर्ष का बेटा ध्रुव अभिषेक गंभीर रुप से घायल हो गए। इस गंभीर हादसे के बाद सोमवार को राज्य लीड एजेंसी के अध्यक्ष संजय शर्मा सहायक पुलिस महानिरीक्षक यातायात पुलिस मुख्यालय रायपुर ने निरीक्षण किया। फंसे लोगों को निकालने में मदद करने वाले का होगा सम्मान निरीक्षण के दौरान रेट्रो रिफ्लेक्टर स्ट्रीप लगाने, साइड लाइन मार्किंग, आवश्यक यातायात संकेत लगाने व पेट्रोलिंग वाहन से लगातार पेट्रोलिंग करने निर्देश दिए। साथ ही कार में फंसे लोगों को निकालने में मदद करने वाले कोडार निवासी यशवंत ध्रुव को सम्मानित करने के निर्देश दिए। घटनास्थल निरीक्षण में जिला सड़क सुरक्षा समिति की संयुक्त टीम में परिवहन विभाग से जिला परिवहन अधिकारी रामकुमार ध्रुव, पुलिस विभाग से उप पुलिस अधीक्षक यातायात घनेंद्र ध्रुव और थाना तुमगांव से विवेचक मोहम्मद आबिद खान, थाना स्टाफ व यातायात स्टाफ उपस्थित रहे।————



