सीसीटीवी फुटेज से पकड़ा गया आरोपी, चोरी का मोबाइल, नकदी और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद
जांजगीर-चांपा। अकलतरा के नेहा फोटोकॉपी दुकान में हुई नकबजनी की घटना का अकलतरा पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल, सिक्कों सहित नकदी रकम तथा वारदात में प्रयुक्त स्टील का चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी भोलामणी चक्रधारी निवासी अधियारीपाठ, अकलतरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 नवंबर की रात वह वार्ड नंबर 11 यादव भवन के पास स्थित अपनी फोटोकॉपी दुकान बंद कर घर चला गया था। अगले दिन सुबह दुकान खोलने पर सामान बिखरा मिला। अज्ञात चोर दुकान के गल्ले से लगभग 30 हजार रुपये नकद एवं रेडमी नोट 9 प्रो मोबाइल चोरी कर ले गया था। चोर ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था।मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने पर संदेही की पहचान हुई। इसके बाद यादव मोहल्ला स्थित उसके निवास पर दबिश देकर प्रभात उर्फ भोलू यादव (22 वर्ष) को हिरासत में लिया गया।पूछताछ के दौरान आरोपी ने दुकान में पीछे के रास्ते से प्रवेश कर चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया मोबाइल, विभिन्न मूल्यवर्ग के सिक्कों सहित 3,403 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त स्टील का सब्जी काटने वाला चाकू बरामद किया।पुलिस ने आरोपी प्रभात यादव उर्फ भोलू, पिता सीताराम यादव, निवासी यादव मोहल्ला, वार्ड क्रमांक 11, अकलतरा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत कार्रवाई करते हुए 11 नवंबर को गिरफ्तार किया और न्यायालय के आदेश पर न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक नितिन चंद्रवंशी, प्रधान आरक्षक वेंकट रमन पाटले, आरक्षक शेष नारायण साहू एवं शैलेन्द्र राठौर का सराहनीय योगदान रहा।



