Latest Posts

पहली सूची में आठ विधायकों की टिकट कटने के बाद विधायकों की नींद हराम

इधर, डॉ विमल चोपड़ा पर चुनाव लड़ने दबाव बना रहे समर्थक

महासमुंद। नवरात्रि के पहले दिन कांग्रेस ने 90 विधानसभा सीटों में से 30 सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए, इन 30 में जिले की एक भी विधानसभा की सीट शामिल नहीं है। ऐसा कयास लगाया जा रहा था कि पहली सूची में बसना और खल्लारी विधानसभा सीट के लिए प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जा सकते हंै,पर ऐसा हुआ नहीं। कांग्रेस की पहली सूची में आठ विधायकों की टिकट कटने के बाद जिले के चारों मौजूदा विधायकों की टेंशन और बढ़ गई है। इधर, भाजपा की पहली सूची में खल्लारी और सरायपाली विधानसभा के प्रत्याशी घोषित होने के बाद कुछ दिनों तक प्रत्याशी चयन को लेकर विरोध के स्वर सुनाई दिये, अब वह भी शांत हो गया। वर्तमान में खल्लारी से श्रीमती अलका नरेश चंद्राकर और सरायपाली से श्रीमती सरला कोसरिया अपना अधिकांश समय चुनाव प्रचार, बैठक में लगा रही हैं। वहीं भाजपा की दूसरी सूची जारी होने के बाद महासमुंद विधानसभा के प्रत्याशी योगेश्वर राजू सिन्हा की टेंशन अभी खत्म नहीं हुई है। पार्टी से टिकट न दिए जाने से पूर्व विधायक डा चोपड़ा समर्थक लगातार उन पर निर्दलीय चुनाव लड़ने दबाव बना रहे हैं साथ ही आलाकमान सेटिकट बदलने की मांग भी कर रहे हंै। जानकारी तो यह भी है पूर्व विधायक के समर्थक पूरे विधानसभा में सर्वे कर जानने की कोशिश कर रहे हैं कि यदि उनके नेता निर्दलीय चुनाव लड़ते हैं तो क्या स्थिति होगी? भाजपा की दूसरी सूची जारी होने के बाद नाराज कार्यकर्ताओं ने उनके महासमुंद निवास और झलप क्लीनिक का घेराव कर डॉ चोपड़ा से चुनाव लड़ने का आग्रह किया। पूर्व विधायक डॉ चोपड़ा ने कहा कि कार्यकर्ताओं का आग्रह है कि मैं चुनाव लड़ू, अभी चुनाव में समय है देखते हैं आगे क्या होता है।
जिले से 150 उम्मीदवार
रविवार को कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली सूची जारी होने के बाद से टिकट दावेदारों की धड़कनें बढ़ी हुई है खासकर वर्तमान विधायकों की । बता दें कि विधानसभा टिकट के लिए कांग्रेस की ओर से ब्लाक स्तर पर आवेदन मंगाए गए थे। जिसमें महासमुंद विधानसभा से 38, खल्लारी से 50, बसना से 16 और सरायपाली से 46 आवेदन, कुल 150 आवेदन पहुंचे थे। ब्लाक स्तर से हर विधानसभा से पांच नाम जिला स्तर पर भेजा गया। वहीं जिला स्तर से तीन नाम प्रदेश स्तर पर भेजा गया था। दावेदारों की भीड़ में से किन्हें प्रत्याशी बनाया जाता है यह तो आने वाली सूचियों से ही पता चलेगा। प्रदेश में दूसरे चरण के लिए नामांकन की प्रक्रिया 21 अक्टूबर से शुरू होगी जिसके लिए मात्र पांच दिन ही बचे हैं। जहाँ एक ओर भाजपा प्रत्याशी नामांकन दाखिल करने की तैयारी में हैं वहीं कांग्रेस के उम्मीदवार नाम घोषित होने का इंतजार।

Latest Posts

Don't Miss