चांपा। मौसम में बदलाव के साथ ही अब ठंड ने धीरे-धीरे अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। नवंबर के अंतिम सप्ताह में सुबह और शाम की ठिठुरन बढ़ने लगी है। दिन में धूप निकलने से जहां लोगों को हल्की गर्मी का एहसास हो रहा है, वहीं सूर्यास्त के बाद तापमान में गिरावट के चलते ठंड बढ़ रही है। गुरुवार को शाम होते ही मौसम में ठंडक बढ़ गई, जिसके चलते लोग गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए। मौसम के बदलते मिजाज के बीच आने वाले दिनों में रात और सुबह की ठंड और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम में इस बदलाव की प्रमुख वजह आसमान से बादलों का छंटना और मौसम का साफ होना है। बादलों की मौजूदगी में धरती की गर्मी वातावरण में बनी रहती है, जिससे रात का तापमान अपेक्षाकृत अधिक रहता है। लेकिन आसमान साफ होते ही धरती की गर्मी तेजी से बाहर निकलती है, जिससे रात के तापमान में गिरावट आती है और ठंड का असर बढ़ जाता है। आगामी दिनों के मौसम पर नजर डालें तो दिन और रात के तापमान में अंतर बने रहने की संभावना है। दिन में धूप के कारण हल्की गर्मी महसूस होगी, जबकि सुबह और रात के समय ठंड का प्रभाव बढ़ेगा। विशेषकर खुले इलाकों, आउटर और ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड अधिक महसूस हो रही है। सुबह की सैर पर निकलने वाले लोगों के साथ ही देर रात और सुबह जल्दी घर से बाहर निकलने वालों को गर्म कपड़े पहनने की जरूरत पड़ेगी। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने और आसमान साफ रहने की संभावना जताई गई है। ऐसे में रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ने लगा है। नवंबर के अंतिम सप्ताह में ठंड की दस्तक के बाद दिसंबर की शुरुआत में सर्दी और प्रभावी होने के आसार हैं। फिलहाल लोगों को दिन में हल्के कपड़ों से राहत मिल सकती है, लेकिन सुबह और शाम गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होगी। मौसम के इस बदलाव का असर आम जनजीवन के साथ खेती-किसानी पर भी देखने को मिल सकता है।



