Latest Posts

बस रोककर कंडक्टर से मारपीट कर 450 रुपये की लूट, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। देवरी मोड़ के पास बस रोककर कंडक्टर के साथ मारपीट कर नगदी रकम लूटने के मामले में शिवरीनारायण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आदतन आरोपी और एक विधि के विरुद्ध संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की 450 रुपये की नगदी रकम और घटना में प्रयुक्त स्टील का चूड़ा जब्त किया है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 25 नवंबर 2026 की शाम करीब 6:15 बजे की है। साहू बस सर्विस की बस क्रमांक सीजी 08 एम 7555 रायपुर से लवन, ससहा, भुईगांव होते हुए शिवरीनारायण की ओर आ रही थी। इसी दौरान देवरी मोड़ के पास दो युवकों ने बस को रुकवाया और उसमें चढ़ गए। कंडक्टर रामकिशन साहू द्वारा कहां जाना है पूछने पर दोनों युवकों ने खरौद जाने की बात कही। बस के शिवरीनारायण जाने की बात कहने पर युवकों ने कंडक्टर के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।आरोप है कि युवकों ने हाथ-मुक्कों और हाथ में पहने स्टील के चूड़े से कंडक्टर के चेहरे पर हमला कर दिया। इस दौरान यात्रियों से किराये के रूप में वसूली गई 450 रुपये की रकम भी छीन ली। बीच-बचाव करने पहुंचे बस हेल्पर सनी साहू के साथ भी मारपीट की गई। हमले में कंडक्टर के होंठ और मुंह से खून निकलने के साथ पीठ में भी चोट आई।घटना की रिपोर्ट पर थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 353/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 127(2), 309(6) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही मिनटों में आरोपी स्वप्निल यादव (22 वर्ष), पिता सुधीर यादव, निवासी सुकुलपारा खरौद तथा एक विधि के विरुद्ध संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी स्वप्निल यादव के कब्जे से 300 रुपये तथा बालक के कब्जे से 150 रुपये नगद और घटना में प्रयुक्त स्टील का चूड़ा बरामद कर जब्त किया।पुलिस ने दोनों के विरुद्ध अपराध में संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर वैधानिक कार्रवाई करते हुए 26 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक के.पी. सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक गोपी सिंह, एम. पुष्पा, सहायक उप निरीक्षक संतोष बंजारे, आरक्षक टुकेश्वर डडसेना, रामकुमार, राजेश कौशिक, यशवंत पाटले सहित थाना शिवरीनारायण के पुलिस स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Latest Posts

Don't Miss