जांजगीर-चांपा। सहकारिता विभाग द्वारा एक आदेश जारी कर सभी ऑपरेटरों को बदलने के फैसले के बाद विरोध में उतरे सहकारी समिति के कर्मचारियों ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होने ऑपरेटरों का स्थानांतरण आदेश निरस्त करने व धान का उठाव 72 घंटे में करने तथा सूखत और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त राशि देने समेत 10 सूत्रीय मांगे रखी है। वहीं इस पर पहल नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के साथ ही उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं, विपणन संघ और संबंधित अधिकारियों के साथ सोसायटी कर्मचारियों का तालमेल बिगडने लगा है। शासन की महत्वाकांक्षी धान खरीदी योजना को मैदानी स्तर पर साकार करने वाले समिति कर्मचारियों ने सहकारिता विभाग के तानाशाही फरमान के िवरोध में मोर्चा खोल दिया है। गुरूवार 26 नवंबर को सहकारी समिति कर्मचारी संघ के बैनर तले जिले के सभी सोसायटियों के प्रबंधक और कर्मचारी जिला मुख्यालय में इकट्ठे हुए। इस दौरान उपायुक्त सहकारी संस्थाएं द्वारा एक आदेश जारी करके समितियों के सभी कम्प्यूटर ऑपरेटरों को मनमाने तरीके से स्थानांतरित करने का पुरजोर विरोध किया। इसके साथ ही खरीदी के अनुबंध में विसंगतियों को लेकर अपनी बातें रखी। तत्पश्चात सभी कर्मचारी एकजुट होकर कलेक्टोरेट पहुंचे और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर दस सूत्रीय मांगे रखी। कर्मचारियों का कहना है कि खरीदी केंद्रों पर धान उठाव में देरी, बफर लिमिट की बाध्यता और बारदाने व तौल से जुड़ी विसंगतियों के कारण समितियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। धान का उठाव समय पर नहीं होने से केंद्रों में जगह की कमी हो रही है और किसानों को भी धान बेचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी तरह बफर लिमिट के कारण खरीदी प्रभावित हो रही है। मांग पत्र में प्रमुख रूप से 134 खरीदी केंद्रों के ऑपरेटरों का तबादला निरस्त करने की मांग रखी गई है। कर्मचारियों का कहना है कि खरीदी के बीच में किए गए तबादलों से पूरी व्यवस्था प्रभावित हो रही है और नए ऑपरेटरों को काम समझने में समय लग रहा है, जिसका सीधा असर खरीदी पर पड़ रहा है। इसलिए खरीदी अवधि तक तबादलों पर रोक लगाई जाए। कर्मचारियों ने कहा कि उठाव में देरी से धान के खराब होने, सूखत और रखरखाव का नुकसान समितियों को उठाना पड़ रहा है। यदि 72 घंटे में उठाव हो जाए तो केंद्रों में जगह बनी रहेगी और खरीदी सुचारु रूप से चल सकेगी। कर्मचारियों ने अन्य मांगों में खरीदी से जुड़ी विसंगतियों को दूर करने, तौल और बारदाने की व्यवस्था में सुधार, कर्मचारियों के मानदेय और सुविधाओं से जुड़े मामलों का निराकरण, खरीदी के दौरान सुरक्षा और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी रखी है। वहीं इस दिशा में पहल नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।



