Latest Posts

संविधान के आदर्शों और मूल्यों को आत्मसात कर जनसेवा करने का लिया संकल्प

संविधान दिवस पर कलेक्टोरेट में हुआ प्रस्तावना का वाचन, अधिकारी-कर्मचारियों ने ली शपथ

कोरबा। भारतीय संविधान के आदर्शों, मूल्यों और लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए संविधान दिवस के अवसर पर कलेक्टोरेट परिसर में अधिकारी-कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर शपथ ली। इस दौरान संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल भावों को आत्मसात करते हुए जनहित एवं लोककल्याण के लिए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से कार्य करने का संकल्प लिया गया।


कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन में अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल ने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराया और शपथ दिलाई। उन्होंने संविधान की मूल भावना के अनुरूप देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के संकल्प को दोहराया।
इस अवसर पर संविधान में उल्लेखित भारत को सम्पूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथ-निरपेक्ष एवं लोकतांत्रिक गणराज्य बनाए रखने तथा सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा और अवसर की समानता सुनिश्चित करने के आदर्शों का स्मरण किया गया। साथ ही प्रत्येक नागरिक के बीच आपसी भाईचारे और बंधुता की भावना को मजबूत बनाने तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज, संयुक्त कलेक्टर कौशल तेंदुलकर, डिप्टी कलेक्टर अभिषेक राठौर सहित कलेक्टोरेट के विभिन्न शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Latest Posts

Don't Miss