परिजनों ने जताई थी अपहरण की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से होगा मौत के कारणों का खुलासा
जांजगीर-चांपा। थाना अकलतरा अंतर्गत ग्राम फरहदा निवासी फिरत राम केंवट उम्र 56 वर्ष रोजमर्रा की तरह खेत जाने के लिए घर से निकले लेकिन चार दिन बाद बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुड़पार में नदी किनारे सूरत राम केवट की लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। चार दिनों से उनकी तलाश कर रहे परिजनों को शव मिलने की सूचना ने गहरे सदमे में डाल दिया। घर से खेत जाने निकले फिरत राम आखिर मुड़पार स्थित नदी किनारे कैसे पहुंचे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अब पुलिस जांच का विषय है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम फरहदा निवासी फिरत राम केंवट मशीन में रखे सामान की देखरेख एवं चौकीदारी का काम करते थे। बीते 21 नवंबर को दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच वे खेत जाने की बात कहकर घर से निकले थे। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला।लगातार तलाश के बावजूद जानकारी नहीं मिलने पर उनके बेटे मनोज कुमार केंवट ने 23 नवंबर को अकलतरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। परिजनों ने उनके अपहरण की आशंका भी जताई थी। इस पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।गुरुवार सुबह बिलासपुर जिले के सीपत थाना अंतर्गत ग्राम मुड़पार में नदी किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली। बाद में उसकी पहचान लापता फिरत राम केंवट के रूप में हुई। चार दिनों से उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे परिजनों के लिए यह खबर बेहद पीड़ादायक रही।प्रारंभिक तौर पर बारिश के कारण नदी किनारे फिसलन होने से पैर फिसलने और पानी में गिरने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, उनकी मौत डूबने से हुई अथवा इसके पीछे कोई अन्य कारण रहा, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



