पुलिस ने भेंट किया साउंड सिस्टम
जांजगीर-चांपा। ग्राम पचरी स्थित सतनाम मंदिर के गुंबज में स्थापित कलश चोरी होने के बाद उसकी जगह नया कलश स्थापित करने के लिए पुलिस ने मंदिर प्रबंधन को नया कलश भेंट किया। इसके साथ ही भजन-कीर्तन एवं धार्मिक आयोजनों के लिए एम्पलीफायर सहित साउंड सिस्टम भी सप्रेम प्रदान किया। उल्लेखनीय है कि ग्राम पचरी स्थित सतनाम मंदिर भारत के पांचवें सतनाम तीर्थ स्थल के रूप में प्रसिद्ध है और सतनाम समाज की गहरी धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर के गुंबज में वर्ष 1945 में कलश स्थापित किया गया था। कुछ समय पूर्व इस ऐतिहासिक कलश की चोरी हो गई थी, जिस पर अकलतरा थाने में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। पुलिस ने 10 नवंबर 2026 को ग्राम पचरी में घेराबंदी कर मामले के आरोपी को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि आरोपी ने मंदिर के गुंबज के कलश को खंडित कर उसका स्वरूप बदल दिया था। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।मंदिर की धार्मिक महत्ता एवं समाज की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन तथा अकलतरा एसडीओपी डॉ. मिखिलेंद्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू ने यह पहल की। उनके द्वारा मंदिर के गुंबज के लिए नया कलश तथा धार्मिक आयोजनों में भजन-कीर्तन एवं प्रवचन के लिए एम्पलीफायर सहित साउंड सिस्टम मंदिर को भेंट किया गया। यह सामग्री ग्राम पचरी सतनाम मंदिर के राजमहंत कीर्तनलाल भारद्वाज को सौंपी गई।इस अवसर पर मेला समिति पचरी धाम के सुनील भारद्वाज, अध्यक्ष निक्कू कुमार पटेल, संयोजक सुरेंद्र लहरे, सलाहकार ,प्रवक्ता सूरज भारती, स्वर्ण पाटले, सुरेश भारद्वाज, महेश केशकर सहित डॉ. अंबेडकर युवा संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



