SARANG HELICOPTER DISPLAY TEAM: रायपुर। भारतीय वायु सेना की ‘सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम’ के सदस्यों ने छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में भाग लेने से पहले, रायपुर में छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान, टीम ने अपनी यात्रा, उत्कृष्टता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भारतीय वायु सेना की व्यावसायिक दक्षता (प्रोफेशनलिज्म) को प्रदर्शित करने में अपनी भूमिका के बारे में बताया। बातचीत में राष्ट्रीय सुरक्षा, मानवीय सहायता और आपदा राहत कार्यों में भारतीय वायु सेना के योगदान पर भी चर्चा हुई।

राज्योत्सव में टीम की भागीदारी छत्तीसगढ़ के लोगों, विशेषकर छात्रों और विमानन (एविएशन) के शौकीनों को भारतीय वायु सेना की सटीकता और टीम वर्क को करीब से देखने का अवसर प्रदान करेगी। साथ ही, वे भारत की स्वदेशी विमानन तकनीक की क्षमताओं को भी देख सकेंगे।

स्वदेशी रूप से विकसित ‘एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर’ (ALH) ध्रुव को उड़ाने वाली ‘सारंग’ टीम अपने बेहतरीन तालमेल, सटीक उड़ान और शानदार हवाई करतबों के लिए जानी जाती है। “उत्कृष्टता के माध्यम से प्रेरित करना” (Inspire Through Excellence) – अपने इसी ध्येय वाक्य के साथ, यह टीम युवाओं में विमानन के प्रति रुचि जगाने और उन्हें सशस्त्र बलों में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित करने का प्रयास करती है।
‘सारंग’ की भागीदारी राज्य के स्थापना दिवस समारोह में एक विशेष हवाई आयाम जोड़ेगी और साथ ही भारतीय वायु सेना तथा छत्तीसगढ़ की जनता के बीच के मजबूत बंधन को और प्रगाढ़ करेगी।



