Ganja Smuggler News: ऑपरेशन निश्चय के तहत की गई कार्रवाई, पुलिस ने किया 1.89 करोड़ का माल जब्त
Ganja Smuggler News: रायपुर। फेरी की आड़ में गांजा तस्करी का नया मामला सामने आया है। तस्कराें ने पुलिस काे चकमा देने कपड़ा फेरी की आड़ में नया पैतरा अपनाया था, लेकिन ऑपरेशन निश्चय के चलते पूरा भंडाफाेड़ हाे गया। तस्करी के आराेप में पुलिस ने 12 अंतरराज्यीय तस्कराें काे गिरफ्तार किया है। ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद, धमतरी और गरियाबंद जिले में की गई संयुक्त नाकेबंदी के दौरान कुल 378.060 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत 1 करोड़ 89 लाख 3 हजार रुपए बताई गई है। कार्रवाई के दौरान 11 वाहनों सहित कुल 1 करोड़ 98 लाख 5 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई। तस्कराें ने मोटरसाइकिलों में कपड़ों के ढेर के पीछे बनाए गए विशेष लोहे के कम्पार्टमेंट में गांजा छिपाकर ओडिशा से मध्यप्रदेश खपाने ले जा रहे थे। गांजा तस्कर तस्करी के लिए लगातार नए-नए शातिर तरीके अपना रहे हैं, लेकिन रायपुर रेंज पुलिस हर नए पैतरे को नाकाम करने में सफल रही है। इससे पहले तस्कर एम्बुलेंस, केला परिवहन और मूवर्स एंड पैकर्स की आड़ में गांजा तस्करी कर चुके हैं। अब कपड़ा फेरीवालों का भेष बनाकर कपड़ों के ढेर के पीछे मादक पदार्थ गांजा छिपाकर तस्करी की जा रही थी, लेकिन पुलिस ने इस नेटवर्क का भी पर्दाफाश कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को कपड़ा फेरीवाला (स्ट्रीट वेंडर) बताकर मोटरसाइकिलों में कपड़ों के ढेर के पीछे विशेष रूप से तैयार लोहे के कम्पार्टमेंट में गांजा छिपाकर ले जा रहे थे। यह गांजा ओडिशा के बालिगुड़ा और तितरी रायगढ़ा क्षेत्र से मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा था।

Ganja Smuggler News: महासमुंद पुलिस ने पकड़ा बड़ा नेटवर्क
महासमुंद पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करों के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए ओडिशा से मध्यप्रदेश ले जाए जा रहे 215 किलोग्राम गांजे के साथ 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बसना पुलिस ने जांच के दौरान ओडिशा से महासमुंद की ओर आ रही 5 मोटरसाइकिलों को रोका। सभी आरोपी खुद को कपड़ा फेरीवाला बताकर गांजा तस्करी कर रहे थे।
Ganja Smuggler News: टेमरी जांच नाका पर घेराबंदी, पकड़े गए तस्कर
इसी तरह एक अन्य मामले में पुलिस ने 23 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 11 लाख 50 हजार रुपये है, के साथ 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, कोमाखान थाना पुलिस ने टेमरी जांच नाका पर घेराबंदी कर ओडिशा से महासमुंद की ओर आ रही होंडा शाइन मोटरसाइकिल क्रमांक MP 65 TC 0292 को रोका। बाइक सवार दो लोगों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से करीब 9 किलो 60 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
Ganja Smuggler News: गिरफ्तार आरोपियों के नाम
महासमुंद जिले में कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें मेताप टाटिया निवासी खंडवा (मध्यप्रदेश), रमेश चौहान और राजू कुमावत टाकिया निवासी बैतूल (मध्यप्रदेश), दीपक राजपूत निवासी ललितपुर बॉर्डर क्षेत्र, प्रकाश बंजारा निवासी रायसेन (मध्यप्रदेश), मोहम्मद रिहान और मनोज सिंह निवासी अनूपपुर (मध्यप्रदेश) तथा चंद्रशेखर, जितेंद्र और विकास निवासी नागपुर (महाराष्ट्र) शामिल हैं।
Ganja Smuggler News: 247 किलोग्राम गांजा जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 247 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 23 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा 7 मोटरसाइकिलें, जिनकी कीमत लगभग 4 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है, जब्त की गईं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत 54 हजार रुपये है, बरामद किए हैं। साथ ही गांजा छिपाने के लिए मोटरसाइकिलों की सीट के पीछे लगाए गए 5 लोहे के जाल भी जब्त किए गए। कुल जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 28 लाख 44 हजार रुपये बताई गई है।
Ganja Smuggler News: धमतरी में 131 किलो गांजा जब्त
धमतरी जिले में वाहन चेकिंग के दौरान 131.005 किलोग्राम गांजा के साथ 2 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया। एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने 3 मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की है। पुलिस का कहना है कि यह संगठित गिरोह नए-नए तरीके अपनाकर अलग-अलग राज्यों में गांजा तस्करी कर रहा था, लेकिन लगातार तकनीकी निगरानी और सटीक सूचना के आधार पर गिरोह का भंडाफोड़ किया गया।
Ganja Smuggler News: धमतरी में गिरफ्तार आरोपियों के नाम
धमतरी जिले में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने राजेश ओबनी (20 वर्ष), निवासी खेड़ी समलीगढ़, थाना खेड़ी, जिला बैतूल (मध्यप्रदेश) और दौलत सिंह (19 वर्ष), निवासी ग्राम टपरा पठारी, थाना रायसेन, जिला रायसेन (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया। इसके अलावा एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 131 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 67 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। इसके साथ ही 3 मोटरसाइकिलें, जिनकी कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है, 3 मोबाइल फोन, जिनकी कीमत लगभग 30 हजार रुपये है, तथा 1 हजार रुपए नकद भी बरामद किए गए। इस कार्रवाई में कुल जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत 69 लाख 61 हजार रुपए रही।



