CG Crime News: रायपुर, खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित सप्लाई चेन से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में रोचक अग्रवाल (इंदौर), सुरेंद्र कामनानी (भाटापारा) और खेमराज बानी (सारंगढ़) शामिल हैं, जिन्हें रायपुर में हिरासत में लिया गया। कुछ माह पहले नागपुर गोल्डन ट्रांसपोर्ट, गोगांव से नकली दवाओं की बड़ी खेप पकड़ी गई थी। इसी मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए विभाग को एक संगठित नेटवर्क का पता चला, जिसमें अलग-अलग शहरों के मेडिकल स्टोर्स और एजेंसियां शामिल थीं। जांच के दौरान दिसंबर माह में सारंगढ़ स्थित सरस्वती मेडिकल स्टोर में छापेमारी की गई थी। यहां से संदिग्ध और नकली दवाओं के भंडारण और वितरण से जुड़े कई अहम सबूत मिले, जिन्हें जब्त कर जांच में शामिल किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने जांच का दायरा बढ़ाकर अन्य राज्यों तक भी पहुंचाया। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की बारीकी से जांच की जा रही है।
CG Crime News: संदिग्ध दवा या गतिविधि की जानकारी तुरंत विभाग को दें
फिलहाल आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। साथ ही, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संस्थानों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे दवाएं केवल अधिकृत मेडिकल स्टोर्स से ही खरीदें। किसी भी संदिग्ध दवा या गतिविधि की जानकारी तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।



