Latest Posts

सफलता के लिए आत्मविश्वास, अनुशासन, साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति आवश्यक

भारतीय पर्वतारोही समीरा खान ने छात्राओं को किया प्रेरित

चांपा (संवाद साधना)। छात्राओं के मार्गदर्शन एवं व्यक्तित्व विकास के उद्देश्य से सोमवार को प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम दोपहर 2 बजे लायंस स्कूल के सभागार में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में भारतीय पर्वतारोही सुश्री समीरा खान ने छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने तथा कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया। सुश्री समीरा खान ने अपने पर्वतारोहण के अनुभव साझा करते हुए कहा कि सफलता के लिए आत्मविश्वास, अनुशासन, साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने छात्राओं को चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका डटकर सामना करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया। इस अवसर पर सुश्री अमिता श्रीवास, लोहारा पारा, चांपा ने भी अपनी जीवन यात्रा एवं अनुभव छात्राओं के साथ साझा किए। उन्होंने अपने संघर्षों और उपलब्धियों के माध्यम से छात्राओं को जीवन में आगे बढ़ने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में उप निरीक्षक रुकसाना बानो एवं उप निरीक्षक निकिता साहू भी उपस्थित रही। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के साथ साथ अनुशासन, आत्मरक्षा, आत्मविश्वास और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में लायंस क्लब अध्यक्ष एमजेएफ लायन संतोष कुमार सोनी, एमजेएफ लायन डॉ संतोष कुमार अग्रवाल, लायंस क्लब एजुकेशनल सोसाइटी के सचिव सीए सुरेश अग्रवाल एवं लायंस क्लब सचिव लायन वासुदेव देवांगन की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय के प्राचार्य श्रीमति अजीता वी. के. शिक्षक शिक्षिकाएं एवं छात्राएं भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, साहस एवं आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना था। वक्ताओं के प्रेरणादायी विचारों एवं अनुभवों से छात्राएं उत्साहित नजर आईं। कार्यक्रम ने छात्राओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर आगे बढ़ने की नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान की।

Latest Posts

Don't Miss