Raipur Crime News: 28 साल पुराने गृह निर्माण घोटाले में एक्शन
Raipur Crime News: रायपुर, 28 साल पुराने गृह निर्माण ऋण गबन प्रकरण में एसीबी ने कार्रवाई करते हुए सहकारी आवास संघा मर्यादित भाेपाल के तत्कालीन प्रबंधक प्रदीप कुमार निखरा काे गिरफ्तार किया है। एंटी करप्शन ब्यूरो(एसीबी) दर्ज अपराध क्रमांक १९/२००० के तहत शनिवार काे कार्रवार्ई की है। इससे पहले 18 मार्च 2026 को दो अन्य आरोपी थावरदास माधवानी और बसंत कुमार साहू को भी गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि प्रकरण के दो अन्य नामजद आरोपियों की मृत्यु हो चुकी है। ACB जांच में यह भी सामने आया कि तत्कालीन अध्यक्ष, आवास पर्यवेक्षक और प्रबंधक ने मिलकर योजनाबद्ध तरीके से फर्जी लोन तैयार किए। प्रदीप कुमार निखरा ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कागजों में हेरफेर कर राशि निकाली और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर 1.86 करोड़ रुपए का बंदरबांट कर लिया।

Raipur Crime News: 1995-98 के बीच हुआ था फर्जीवाड़ा
जांच में सामने आया कि वर्ष 1995 से 1998 के दौरान शासन की आवासीय योजना के तहत जरूरतमंद लोगों को मकान निर्माण के लिए ऋण उपलब्ध कराया जाता था। इसी योजना का दुरुपयोग करते हुए ‘आधुनिक गृह निर्माण सहकारी समिति मर्यादित रायपुर’ के 186 सदस्यों के नाम पर 1-1 लाख रुपए के हिसाब से कुल 1 करोड़ 86 लाख रुपए का ऋण स्वीकृत कराया गया।
Raipur Crime News: जमीन पर नहीं मिले मकान, फर्जी निकले दस्तावेज
भौतिक सत्यापन के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जिन स्थानों पर मकान निर्माण दर्शाया गया था, वहां न तो कोई मकान मिला और न ही संबंधित ऋणधारी मौजूद पाए गए। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि कूटरचित दस्तावेज, फर्जी प्रमाण पत्र और आपराधिक षड्यंत्र के जरिए पूरी राशि का गबन किया गया।
Raipur Crime News: इन धाराओं में दर्ज है मामला
प्रकरण में भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी, 406, 409, 420, 467, 468, 471 और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 13(1)(c), 13(2) के तहत अपराध दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर 7 अप्रैल 2026 तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।



