जांजगीर-चांपा (संवाद साधना)। रांग साइड से आ रही कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना शिवरीनारायण शबरी सेतु पुल की है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार गुरूवार 13 अगस्त को लगभग 6 बजे विपरीत दिशा से आ रही कार ने नगरदा निवासी बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद युवक ने दम तोड़ दिया। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची एवं पतासाजी में जुटी रही। वहीं युवक के शव को पंचनामा उपरांत पीएम की कार्रवाई के लिए भेजा गया। बताया जा रहा है कि घटनास्थल से महज एक-दो किलोमीटर के आसपास एंबुलेंस उपलब्ध होने के बावजूद समय पर उसे नहीं पहुंचाया जा सका। गंभीर रूप से घायल युवक को समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पाना उसकी मौत की बड़ी वजहों में से एक माना जा रहा है। लगातार शिकायतों और समाचार प्रकाशन के बावजूद यदि सड़क की मरम्मत नहीं होती और आपातकालीन व्यवस्था भी समय पर काम नहीं करती, तो यह महज लापरवाही नहीं बल्कि जनसुरक्षा के प्रति गंभीर उदासीनता है। स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन से शिवरीनारायण पुल की सड़क का तत्काल स्थायी मरम्मत कार्य कराने, यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने तथा एंबुलेंस की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है।



