ज्ञानोदय विद्यालय जांजगीर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
जांजगीर-चांपा (संवाद साधना)। ज्ञानोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जांजगीर में आज “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क पर सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक सावधानियों एवं जिम्मेदार नागरिक के दायित्वों से परिचित कराना था। कार्यक्रम में मार्गदर्शन एवं जागरूकता प्रदान करने के लिए लखन लाल पटेल, निरीक्षक, यातायात विभाग, जिला जांजगीर-चांपा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ यातायात विभाग के आरक्षक प्रमोद एवं दिवाकर भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का विद्यालय परिवार की ओर से आत्मीय स्वागत किया गया। दामिनी कश्यप, प्रिया कोसरे, रेणु राठौर एवं पार्वती मैडम द्वारा अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया। इसके पश्चात विद्यालय की ओर से अतिथियों के सम्मान में स्मृति चिन्ह विनोद बरेठ द्वारा भेंट किया गया।इस अवसर पर यातायात निरीक्षक लखन लाल पटेल ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि सड़क पर छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को यातायात नियमों का पालन अपनी जिम्मेदारी समझकर करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात संकेतों एवं सिग्नल का पालन करने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने के संबंध में विशेष रूप से जागरूक किया।उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। नियमों का पालन करके हम स्वयं भी सुरक्षित रह सकते हैं और दूसरों का जीवन भी सुरक्षित रख सकते हैं।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं को ध्यानपूर्वक सुना तथा यातायात नियमों के संबंध में अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।कार्यक्रम में संस्था के संचालक डॉ. सुरेश यादव सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। संस्था के संचालक डॉ. सुरेश यादव ने यातायात विभाग के अधिकारियों का विद्यालय में उपस्थित होकर विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि जीवन को सुरक्षित और अनुशासित बनाने वाले व्यावहारिक ज्ञान से भी परिचित कराना विद्यालय का महत्वपूर्ण दायित्व है।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा यातायात विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” का संदेश विद्यार्थियों के माध्यम से समाज तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।



