Latest Posts

पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में “विकसित भारत युवा सम्मान – संविधान दिवस संस्करण” का आयोजन

रायपुर। मेरा युवा भारत, रायपुर (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय) द्वारा आज पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में “विकसित भारत युवा सम्मान – संविधान दिवस संस्करण” का आयोजन किया गया, जिसमें जिले भर के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में पद्मश्री मदन सिंह चौहान, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ल, विधि विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. राजीव चौधरी, अतिथि श्रीमती सुनीथा चांसोरिया तथा युवा आइकन अपूर्व चंद्राकर की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रतिभागियों के पंजीकरण से हुआ, इसके बाद उद्घोषक द्वारा स्वागत तथा दीप प्रज्वलन एवं दीप स्तुति की गई। तत्पश्चात युवा आइकन अपूर्व चंद्राकर ने “विकसित भारत@2047” और “विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा” विषय पर प्रस्तुति दी और युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी तथा नशे से दूर रहने का आह्वान किया।

प्रतिभागियों को नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित जागरूकता वीडियो दिखाया गया। इसके बाद पद्मश्री मदन सिंह चौहान ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए और अपनी प्रेरक यात्रा से युवाओं को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर उनका सम्मान भी किया गया।

सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से संविधान की उद्देशिका का वाचन कर संविधान दिवस पर संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Latest Posts

Don't Miss