Latest Posts

यात्री बस की टक्कर से बाइक सवार तीन की मौत

डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम छवारीपाली की घटना

जांजगीर-चाम्पा। सक्ती जिले में सड़क हादसे में एक साथ तीन लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार यात्री बस ने बाइक को अपनी चपेट में लिया। हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की जान चली गई। इधर हादसे को अंजाम देकर बस का चालक मौके से फरार हो गया। घटना डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम छवारीपाली की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार 22 नवंबर को ग्राम दर्री निवासी हरिशंकर चौहान, मोहर दास बैरागी और सेतकुमार पटेल एक साथ बाइक में सवार होकर सपोस जाने के लिए निकले। तीनों सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। दोपहर करीब 12.20 बजे वे डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम छवारीपाली के पास पहुंचे थे। इसी दौरान मुस्कान सर्विस की यात्री बस ने बाइक को टक्कर मार दी। बस की चपेट में आने से बाइक सवार तीनों ग्रामीण दूर-दूर जा गिरे। मौके पर अफरा तफरी की स्थिति बन गई। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार तीनों ग्रामीणों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद मृतक हरिशंकर चौहान पिता बंशीधर चौहान 40 वर्ष, मोहरदास बैरागी पिता बुधश्वर बैरागी 55 वर्ष और सेतकुमार पटेल पिता हरिप्रसाद पटेल 60 वर्ष के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर हादसे को अंजाम देकर दुर्घटनाकारित बस को छोड़ कर ड्राइवर फरार हो गया। इधर तेज रफ्तार का कहर तीन परिवारों की खुशियां छीन ले गया। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क पर दौड़ते भारी  वाहनों की रफ्तार तथा सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। बहरहाल डभरा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Latest Posts

Don't Miss