जांजगीर-चांपा। जिले में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में तहसील बम्हनीडीह के खपरीडीह क्षेत्र में दबिश देकर विभागीय टीम ने अवैध रेत उत्खनन और परिवहन में लगे चार वाहनों को जब्त किया है। इनमें एक जेसीबी लोडर, एक हाइवा और दो ट्रैक्टर शामिल हैं।जानकारी के अनुसार, खनिज विभाग की टीम जब खपरीडीह क्षेत्र के रेत घाट पर पहुंची, तब वहां जेसीबी लोडर मशीन के माध्यम से रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा था। वहीं, उत्खनित रेत को ट्रैक्टर और हाइवा में भरकर परिवहन की तैयारी चल रही थी। टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी लोडर, एक हाइवा और दो ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार प्रशांत पटेल सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।खनिज विभाग के अनुसार, दर्ज प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23 (ख) तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के नियम 71 में उल्लेखित प्रावधानों के तहत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।जिला प्रशासन द्वारा जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि खनिज संपदा के अवैध दोहन में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



