महिला सरपंच के कामकाज में पति-पुत्र के कथित हस्तक्षेप को लेकर पंच भी जता चुके हैं नाराजगी
जांजगीर-चांपा। गांव में सात महीने से हैंडपंप बंद पड़े हैं, ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है और शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा। यह स्थिति ग्राम पंचायत पुटपुरा की है, जहां पंचायत की कार्यप्रणाली अब ग्रामीणों के सवालों के घेरे में है। छोटन तिवारी चौक, जिसे स्थानीय लोग बेड़ा चौक के नाम से भी जानते हैं, वहां का हैंडपंप पिछले सात महीने से बंद पड़ा है। मोहल्लेवासियों को पेयजल के लिए दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। यही नहीं, गांव के अन्य मोहल्लों में भी हैंडपंपों से पानी नहीं मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ऐसे में ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब पंचायत गांव की बुनियादी जरूरत पेयजल तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है, तो आखिर जिम्मेदारी किसकी है? पंचायत की परेशानी केवल पेयजल संकट तक सीमित नहीं है। महिला सरपंच की कार्यप्रणाली और उनके पति-पुत्र के कथित हस्तक्षेप को लेकर भी पंचायत के भीतर असंतोष सामने आ चुका है। इस मुद्दे पर पंचायत के पंचों ने भी मोर्चा खोलते हुए सवाल उठाए थे। आरोप है कि पंचायत के कामकाज में निर्वाचित महिला सरपंच के बजाय उनके पति और पुत्र का दखल अधिक रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि वे अपनी समस्याएं लेकर पंचायत पहुंचते हैं, लेकिन समाधान के नाम पर उन्हें महीनों इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि ग्राम पंचायत का संचालन निर्वाचित जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी से होगा या परिवार के कथित हस्तक्षेप से? आखिर ग्रामीणों की बुनियादी समस्याओं के समाधान की जवाबदेही कौन लेगा?



