Latest Posts

बदहाल सड़क से उड़ रहे धूल के गुबार, राहगीरों की सांसों पर संकट

बिर्रा से बंसतपुर मार्ग से गुजरना हुआ मुश्किल, दुर्घटनाओं का बढ़ रहा खतरा

चांपा। बिर्रा से बंसतपुर तक जाने वाले सड़क मार्ग की बदहाल स्थिति अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। सड़क पर जगह-जगह गिट्टियां उखड़ चुकी हैं और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण सड़क की पहचान करना भी मुश्किल हो गया है। वही, इस मार्ग पर 24 घंटे भारी एवं छोटे वाहनों की आवाजाही के चलते धूल के गुबार उठ रहे हैं, जिससे लोगों का आवागमन दूभर हो गया है। स्थिति इतनी गंभीर है कि दिन के उजाले में भी वाहन चालकों को मोटरसाइकिल के हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ रहा है। तेज रफ्तार भारी वाहनों के गुजरते ही सड़क पर धूल का घना गुबार छा जाता है, जिससे कुछ दूरी तक दिखाई देना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में सामने से आने वाले वाहन और राहगीर नजर नही आते, जिससे कभी भी गंभीर सड़क दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। सड़क से उड़ने वाली धूल केवल आवागमन की समस्या नहीं, बल्कि लोगों की सेहत के लिए भी चिंता का विषय बनती जा रही है। लगातार धूल के संपर्क में आने से लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और एलर्जी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों के लिए यह स्थिति अधिक चिंताजनक है। सड़क किनारे दुकान संचालित करने वाले व्यवसायियों की परेशानी भी कम नहीं है। धूल से बचाव के लिए दुकानदारों को अपनी दुकानों में रखे सामान को पॉलिथीन से ढंककर रखना पड़ता है। इसके बावजूद जैसे ही कोई वाहन गुजरता है, धूल का गुबार दुकानों के भीतर तक पहुंच जाता है। इससे दुकानदारों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और सामान भी धूल से प्रभावित हो रहा है।स्थानीय स्तर पर सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण इसकी हालत लगातार बदतर होती जा रही है। जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी गिट्टियां राहगीरों के लिए खतरा बनी हुई हैं। मार्ग पर आए दिन छोटी-मोटी सड़क दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। इसके बावजूद सड़क की सुध नहीं लिए जाने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

Latest Posts

Don't Miss