पुलिस की कार्रवाई के बाद जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज विभिन्न मामलों में जब्त नशीले पदार्थों को गुरुवार सुबह नष्ट किया गया। मोहतराई स्थित सुधा बायो पावर प्राइवेट लिमिटेड की फर्नेस में 61 प्रकरणों में जब्त 3 क्विंटल गांजा आग के हवाले किया गया। वहीं, 21 हजार से ज्यादा नशीली टैबलेट और सिरप पर रोलर चलाकर विधिवत नष्ट कराया गया।
यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ शासन के निर्देश पर गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति के अध्यक्ष एसएसपी रजनेश सिंह की मौजूदगी और निर्देशन में पूरी हुई। पुलिस का मुख्य उद्देश्य जब्त मादक पदार्थों के दोबारा दुरुपयोग की आशंका को पूरी तरह खत्म करना है।
कार्रवाई के दौरान 302.642 किलो गांजा, 9.38 ग्राम चरस और 2.9 ग्राम ब्राउन शुगर जलाया गया। इसके अलावा मेडिकल नशे में इस्तेमाल होने वाले 9,641 नग इंजेक्शन, 11,610 नशीली गोलियां, 1,989 कफ सिरप की शीशियां और 248 कैप्सूल नष्ट किए गए।
कार्रवाई के दौरान समिति सदस्य व एएसपी (सिटी) पंकज कुमार पटेल, सहायक आबकारी आयुक्त नवनीत तिवारी और क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। एसएसपी ने कहा कि नशे के अवैध नेटवर्क के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



