Latest Posts

मरवाही में शासकीय जमीन पर चला बुलडोजर, दुर्गा पंडाल के सामने से हटाया अतिक्रमण

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही नगर पंचायत क्षेत्र में मुख्य सड़क पर शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया। मुख्य मार्ग पर दुर्गा समिति के पंडाल के सामने शासकीय जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को राजस्व विभाग की टीम ने हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करते हुए हंगामा करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की गई।

दरअसल, मरवाही नगर पंचायत क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर दुर्गा समिति के पंडाल के सामने खसरा नंबर 368/1 की रास्ता मद की करीब तीन डिसमिल शासकीय भूमि पर बाउंड्री और टीन शेड बनाकर दुकान व घेरा तैयार किया गया था। इस अतिक्रमण को लेकर मामला तहसीलदार और एसडीएम न्यायालय में लंबित था। न्यायालयीन प्रक्रिया के दौरान मामले में स्थगन आदेश भी लागू था।

कुछ दिन पहले एसडीएम मरवाही ने मामले में लागू स्थगन आदेश हटा दिया था। इसके बाद प्रशासन ने कब्जाधारी को नियमानुसार नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया। हालांकि, नोटिस के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद प्रशासन ने शासकीय भूमि को कब्जे से मुक्त कराने के लिए कार्रवाई की।

तहसीलदार मरवाही अविनाश कुजूर की मौजूदगी में राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन और नगर पंचायत मरवाही की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने बुलडोजर की मदद से शासकीय जमीन पर बनाए गए टीन शेड, बाउंड्री और घेराव को हटाया। कार्रवाई के दौरान बाजार क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ लोगों ने विरोध करते हुए हंगामा करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस और प्रशासन की टीम ने स्थिति संभालते हुए कार्रवाई जारी रखी।

मरवाही मुख्य बाजार में हुई इस कार्रवाई के बाद शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। रास्ता मद की जमीन पर किए गए कब्जे को हटाने की इस कार्रवाई को सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Latest Posts

Don't Miss