Latest Posts

डिजिटल क्रॉप सर्वे में गड़बड़ी से किसानों की बढ़ी परेशानी

400 से 500 एकड़ में लगी फसल का नहीं हुआ सही सर्वे, धान खरीदी से पहले ग्राम रोगदा के किसानों ने कलेक्टर से लगाई गुहार

जांजगीर-चांपा। जिले में धान खरीदी की तैयारियों के बीच किसानों की समस्याएं सामने आने लगी हैं। नवागढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत रोगदा में डिजिटल क्रॉप सर्वे में गड़बड़ी के कारण सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि पर लगी फसल का सही रिकॉर्ड दर्ज नहीं होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्राम पंचायत रोगदा के सरपंच रमेश कुमार कश्यप ने ग्रामीणों और किसानों के साथ जांजगीर पहुंचकर कलेक्टर को लिखित आवेदन सौंप किसानों की समस्या का निराकरण करने की मांग की है।

कलेक्टर को दिए गए आवेदन में बताया गया है कि ग्राम रोगदा के किसानों के खेतों में लगी फसल का डिजिटल क्रॉप सर्वे नहीं हुआ है। इसके चलते राजस्व एवं कृषि संबंधी रिकॉर्ड में वास्तविक फसल के स्थान पर ‘अन्य फसल’ अथवा ‘विलंबित फसल’ प्रदर्शित हो रही है। इस कथित तकनीकी एवं सर्वे संबंधी त्रुटि के कारण किसानों के सामने धान विक्रय को लेकर संकट खड़ा हो सकता है।

सरपंच द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, ग्राम रोगदा में लगभग 400 से 500 एकड़ कृषि भूमि पर किसानों ने फसल लगाई है। लेकिन डिजिटल क्रॉप सर्वे में वास्तविक स्थिति दर्ज नहीं होने के कारण किसानों को अपनी उपज मंडी में बेचने से वंचित रह जाने की आशंका सता रही है। यदि समय रहते रिकॉर्ड में सुधार नहीं किया गया तो इसका सीधा असर किसानों की आर्थिक स्थिति पर पड़ सकता है।

सरपंच रमेश कुमार कश्यप ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि किसानों की वास्तविक समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं। आवेदन में संसाधन, अन्य फसल एवं विलंबित फसल के रूप में दर्ज रिकॉर्ड को पुनः जांचकर सुधारने तथा वास्तविक फसल का सही डिजिटल क्रॉप सर्वे दर्ज कराने की मांग की गई है, ताकि किसान अपनी धान की फसल समर्थन मूल्य पर बेच सकें। धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू होने के पहले ही यदि डिजिटल क्रॉप सर्वे और राजस्व रिकॉर्ड में इस तरह की विसंगतियां सामने आ रही हैं तो यह संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करती हैं। किसानों ने मेहनत और लागत लगाकर फसल तैयार की है, ऐसे में केवल सर्वे की त्रुटि या रिकॉर्ड में गलत प्रविष्टि के कारण उन्हें धान बेचने के अधिकार से वंचित नहीं होना चाहिए। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस शिकायत पर कितनी गंभीरता दिखाता है और ग्राम रोगदा के प्रभावित किसानों को धान खरीदी से पहले राहत मिल पाती है या नहीं। फिलहाल किसानों की निगाहें जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

मुड़पार के किसानों ने कनस्दा केंद्र में शामिल करने के प्रस्ताव का कर रहे विरोध

जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था को लेकर किसानों की सुविधाओं और खरीदी केंद्रों के निर्धारण का मुद्दा सामने आने लगा है। नवागढ़ विकासखंड के ग्राम मुड़पार (शिवरीनारायण) के किसानों एवं ग्रामीणों ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर गांव के किसानों को पूर्ववत धान खरीदी केंद्र शिवरीनारायण में ही शामिल रखने की मांग की है। ग्रामीणों ने नवीन धान खरीदी केंद्र कनस्दा में मुड़पार के किसानों को शामिल किए जाने की संभावित व्यवस्था पर आपत्ति जताते हुए इसे किसानों के लिए असुविधाजनक बताया है। कलेक्टर के नाम सौंपे गए आवेदन में ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम मुड़पार के किसान पूर्व से ही धान विक्रय के लिए शिवरीनारायण धान खरीदी केंद्र पर निर्भर रहे हैं। यहां उन्हें धान बेचने में सुविधा मिलती रही है। लेकिन वर्तमान में नवीन धान खरीदी केंद्र कनस्दा निर्धारित किए जाने के कारण मुड़पार के किसानों को वहां शामिल किए जाने की स्थिति बन रही है। ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम मुड़पार से कनस्दा धान खरीदी केंद्र की दूरी लगभग 7 किलोमीटर है, जबकि शिवरीनारायण धान खरीदी केंद्र महज 3 किलोमीटर दूर है। इस लिहाज से शिवरीनारायण केंद्र मुड़पार के किसानों के लिए लगभग 4 किलोमीटर अधिक नजदीक और सुविधाजनक है।

Latest Posts

Don't Miss