महासमुंद । विगत दिनों महिला नागरिक सहकारी बैंक महासमुंद पंजीयन क्रं. 16 का निर्वाचन अमृत बाई हाई स्कूल रोड महासमुंद में संपन्न हुआ । छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी निर्वाचन आयोग के आदेश के परिपालन में विधिवत मतदाता सूची का प्रकाशन, नामांकन, जांच तथा नाम वापसी की प्रक्रिया संपादित की गई । दिनांक 09.08.2026 को बैंक का विशेष साधारण सम्मिलन अमृत बाई हाई स्कूल महासमुंद में आयोजित किया गया । चूंकि संचालक मंडल के सदस्य पद हेतु वैध नाम निर्देशन पत्रों की संख्या निर्वाचित किये जाने वाले उम्मीदवारों के पदों के संख्या के बराबर/कम है । अत: संचालक मंडल के सदस्य पद हेतु मतदान की आवश्यकता नहीं हुई उपरान्त बैंक के रिटर्निंग अधिकारी श्री मनोज नायक के द्वारा विधिवत निर्वाचन संपन्न की घोषणा की गई । दिनांक 14.08.2026 को निर्वाचित संचालक मंडल की प्रथम बैठक में अध्यक्ष पद हेतु श्रीमती अरुणा शुक्ला एवं उपाध्यक्ष द्वय हेतु श्रीमती सती साहू एवं सुनीता देवांगन का नाम सर्व सम्मति से प्रस्तावित किया गया । उल्लेखित पदों हेतु कोई और नाम नहीं होने के कारण रिटर्निंग अधिकारी के द्वारा श्रीमती अरुणा शुक्ला को अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष श्रीमती सती साहू, सुनीता देवांगन को निर्वाचित घोषित किया गया ।
इस तरह निर्विरोध निर्वाचन होने की परंपरा के चलते श्रीमती अरुणा शुक्ला अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष द्वय श्रीमती सती साहू एवं सुनिता देवांगन चुनी गई । समिति के अन्य सदस्य श्रीमती अनिता जी रावटे, रंजना शर्मा, निर्मला चंद्राकर, श्याम कुमारी महिलांग, राजेश्वरी तिवारी, मीना वर्मा एवं तारा चंद्राकर निर्वाचित घोषित हुये । मनोनीत संचालक के रुप में श्रीमती उषा चंद्राकर एवं प्रोफेशनल संचालक के रुप में श्रीमती तारा जैन एवं श्रीमती साधना सिंह ठाकुर को मनोनीत किया गया । अपेक्स बैंक हेतु बैंक प्रतिनिधि के रुप में श्रीमती अरुणा शुक्ला, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित रायपुर प्रतिनिधि हेतु श्रीमती श्याम कुमारी महिलांग एवं जिला सहकारी संघ मर्यादित महासमुंद प्रतिनिधि हेतु श्रीमती मीना वर्मा का नाम प्रस्तावित किया ।
सौहाद्रपूर्ण वातावरण में शांतिपूर्ण ढंग से विधिवत चुनाव संपादित करने के लिये रिटर्निंग अधिकारी श्री मनोज नायक के द्वारा नवनिर्वाचित पदाधिकारियों तथा चुनाव कार्य में संलग्न सभी बैंक कर्मचारियों को धन्यवाद एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गई । उक्त जानकारी बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप कुमार दवे के द्वारा दी गई ।



