जांजगीर-चांपा। भीमा तालाब में विगत कुछ दिनों से गंदगी एवं जल की स्थिति के कारण दुर्गंध उत्पन्न होने तथा आसपास के नागरिकों को परेशानी होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका जांजगीर-नैला द्वारा तत्काल आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की गई।
इसी क्रम में 6 अक्टूबर को नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सभापति, संबंधित वार्ड के पार्षद, मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा दोनों उप अभियंताओं द्वारा सफाई विभाग के कर्मचारियों के साथ भीमा तालाब का स्थल निरीक्षण एवं भ्रमण किया गया। इस दौरान तालाब के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर पानी की स्थिति, गंदगी, जल में उत्पन्न हो रही दुर्गंध तथा इसके संभावित कारणों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा तालाब की वर्तमान स्थिति पर चर्चा करते हुए दुर्गंध की समस्या के तत्काल नियंत्रण एवं जल की गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक उपाय किए जाने के निर्देश दिए गए। नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए समस्या के त्वरित निराकरण के लिए नगर पालिका के सफाई अमले को आवश्यक कार्यवाही हेतु लगाया गया। निर्देश के पालन में 7 अक्टूबर को नगर पालिका द्वारा भीमा तालाब में चूना, ब्लीचिंग पाउडर एवं पोटाश का आवश्यकतानुसार छिड़काव कराया गया। इसके लिए नगर पालिका के सफाई विभाग के कर्मचारी प्रातः से ही तालाब में कार्यरत रहे। तालाब के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचकर जल शुद्धिकरण सामग्री का व्यवस्थित रूप से छिड़काव किया गया, ताकि दुर्गंध को नियंत्रित करने के साथ-साथ पानी की स्थिति में सुधार लाया जा सके। नगर पालिका द्वारा इस कार्य को केवल औपचारिक रूप से न लेते हुए स्थिति की निरंतर निगरानी करने तथा आवश्यकता के अनुसार आगे भी सफाई, जल शुद्धिकरण एवं अन्य आवश्यक उपाय किए जाने की कार्यवाही की जाएगी। तालाब के आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा तालाब में गंदगी न डालने के लिए नागरिकों से भी सहयोग की अपील की गई है। इस कार्य में नगर पालिका के सफाई अमले के भोला, लखन बघेल एवं अन्य कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। कर्मचारियों द्वारा सुबह से ही मौके पर उपस्थित रहकर जल शुद्धिकरण एवं छिड़काव कार्य को पूरा करने में सक्रिय भूमिका निभाई गई। नगर पालिका जांजगीर-नैला द्वारा नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भीमा तालाब की स्वच्छता एवं जल गुणवत्ता में सुधार हेतु आवश्यक कार्यवाही लगातार जारी रखी जाएगी।



