Latest Posts

गढ़सिवनी स्कूल में बगरिया एवं टोडर के अतिथि व्याख्यान से विद्यार्थियों को मिल रहा विषयगत मार्गदर्शन

महासमुन्द। शासकीय पदुमन सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गढ़सिवनी में विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों का अध्यापन प्रभावित न हो, इसे ध्यान में रखते हुए विद्यालय के प्राचार्य तुलेन्द्र सागर द्वारा विशेष पहल की जा रही है। इसी क्रम में विषय विशेषज्ञों एवं अनुभवी शिक्षकों को विद्यालय में आमंत्रित कर विद्यार्थियों को नियमित रूप से विषयगत मार्गदर्शन एवं अध्यापन का लाभ दिलाया जा रहा है।
विद्यालय में जीव विज्ञान विषय के शिक्षक उपलब्ध नहीं होने की जानकारी मिलने पर चन्द्रभूषण बगरिया, सेवानिवृत्त सहायक संचालक, एससीईआरटी रायपुर ने स्वयं आगे आकर विद्यालय में जीव विज्ञान विषय का अध्यापन करने की सहर्ष सहमति दी। वे प्रत्येक शनिवार एवं रविवार रायपुर से गढ़सिवनी पहुंचकर कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा को ध्यान में रखते हुए जीव विज्ञान विषय का अध्यापन करा रहे हैं।
श्री बगरिया द्वारा कक्षागत अध्यापन के साथ-साथ विद्यार्थियों को खुले वातावरण में जीव-जंतुओं एवं वनस्पतियों से परिचित कराया जा रहा है। उनके द्वारा प्रायोगिक एवं मनोरंजनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अध्ययन-अध्यापन कराया जाता है, जिससे विद्यार्थियों को विषय को व्यवहारिक रूप से समझने तथा अपने आसपास के प्राकृतिक परिवेश को जानने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
इसी क्रम में एक अवसर पर राजेन्द्र टोडर, पूर्व सरपंच, बहनाकाड़ी, माना, रायपुर का विद्यालय आगमन हुआ। श्री टोडर नवोदय विद्यालय, माना में गेस्ट लेक्चर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके द्वारा भी गढ़सिवनी विद्यालय के विद्यार्थियों को हिन्दी एवं सामाजिक विज्ञान विषयों पर विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया गया, जिसका विद्यार्थियों ने लाभ उठाया।
विद्यालय में समय-समय पर विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों एवं अनुभवी व्यक्तियों को आमंत्रित कर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन एवं विषयगत अध्यापन का लाभ दिलाया जा रहा है। इस पहल से विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की बेहतर समझ के साथ-साथ विषयों के व्यावहारिक एवं व्यापक ज्ञान का अवसर प्राप्त हो रहा है।
प्राचार्य तुलेन्द्र सागर एवं विद्यालय परिवार ने विद्यालय में अपनी सेवाएं एवं मार्गदर्शन प्रदान करने वाले सभी विषय विशेषज्ञों के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया है तथा भविष्य में भी विद्यार्थियों के हित में अपनी सेवाएं प्रदान करने के लिए उन्हें पुनः विद्यालय आमंत्रित किया है।

Latest Posts

Don't Miss