‘अविरल सितली-निर्मल सितली’ अभियान में पेंशनर्स एसोसिएशन सहित नागरिकों ने की साफ-सफाई
महासमुंद। स्वाध्याय केंद्र समिति द्वारा चलाए जा रहे ‘अविरल सितली-निर्मल सितली’ अभियान के तहत शुक्रवार को सितली नाला क्षेत्र में पेंशनर्स एसोसिएशन सहित शहर के नागरिकों ने श्रमदान किया। सुबह 7 बजे से 8 बजे तक चले श्रमदान कार्यक्रम में लोगों ने नाला क्षेत्र की साफ-सफाई की और जलस्रोतों को स्वच्छ एवं संरक्षित रखने का संदेश दिया। श्रमदान में पेंशनर्स एसोसिएशन के सदस्यों के साथ अन्य नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की। इस दौरान लोगों ने नाला क्षेत्र में सफाई कार्य करते हुए अभियान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दिया।
अभियान से जुड़े पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने कहा कि श्रमदान और जनभागीदारी के माध्यम से सितली नाला के स्वरूप को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी जलस्रोत के संरक्षण के लिए केवल प्रशासनिक प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने बताया कि ‘अविरल सितली-निर्मल सितली’ अभियान के माध्यम से सितली नाला की सफाई, पौधरोपण और जनजागरूकता से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य लोगों को शहर के जलस्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वच्छ बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास को बढ़ावा देना है।
श्रमदान कार्यक्रम में पेंशनर्स एसोसिएशन महासमुंद के अध्यक्ष रामकुमार साहू सहित शिवकुमार साहू, अश्वनी शर्मा, चमनलाल साहू, देवनारायण सिंह बिसेन, बोधन लाल साहू, ज्ञान सिंह चन्देल, रामकुमार साहू, आर.के. श्रीवास्तव, एन.एल. शर्मा, सुरेशकुमार, हेमलाल साहू, संतोषकुमार साहू, यू.एस. रामगढ़िया, टुकेश्वर गजेन्द्र, घनश्याम भारद्वाज, चिन्ताराम साहू और गोवर्धन प्रधान सहित अन्य नागरिकों ने श्रमदान किया।



