महासमुंद। बागबाहरा क्षेत्र के जुनवानी खुर्द में फुटहा बांध टूटने से किसानों पर बड़ी आफत आ गई है। बांध का पानी और मिट्टी खेतों में भर जाने से करीब 25 किसानों की सैकड़ों एकड़ में लगी फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। किसानों की महीनों की मेहनत और खेती पर किया गया खर्च पानी में बह गया, लेकिन अब तक उन्हें राहत और मुआवजे को लेकर सरकार की ओर से ठोस पहल नजर नहीं आ रही है।
आम आदमी पार्टी महासमुंद ने सरकार से मांग की है कि प्रभावित किसानों के खेतों का तत्काल सर्वे कराया जाए और नुकसान का वास्तविक आकलन कर बिना देरी के शत-प्रतिशत उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही बांध टूटने के कारणों की तकनीकी जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और निर्माण एजेंसी की जवाबदेही तय की जाए।
किसानों को भगवान भरोसे छोड़ना बंद करे सरकार : संजय यादव
आम आदमी पार्टी के प्रदेश सचिव संजय यादव ने कहा कि किसान पहले ही मौसम की मार, बढ़ती लागत और खेती की अनिश्चितताओं से परेशान हैं। ऐसे में बांध टूटने से उनकी पूरी फसल बर्बाद होना बेहद गंभीर मामला है।
उन्होंने कहा, “जुनवानी खुर्द के किसानों ने अपनी मेहनत और पूंजी लगाकर फसल तैयार की थी, लेकिन फुटहा बांध टूटने से खेतों में मिट्टी और पानी भर गया और किसानों की पूरी मेहनत बर्बाद हो गई। सरकार केवल नुकसान का पंचनामा बनाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी न समझे। प्रभावित करीब 25 किसानों को तत्काल राहत राशि और उचित मुआवजा दिया जाए।”
संजय यादव ने कहा कि यदि बांध की देखरेख और निर्माण में लापरवाही सामने आती है तो दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। “सरकार किसानों को मुआवजे के लिए दफ्तरों के चक्कर कटवाने के बजाय खुद किसानों के बीच पहुंचे और तत्काल राहत सुनिश्चित करे। किसानों के नुकसान की भरपाई सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।”
आम आदमी पार्टी ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर फसल नुकसान का सर्वे, मुआवजा वितरण और बांध की मरम्मत की कार्रवाई शुरू की जाए।



