महासमुंद। कोमाखान थाना अंतर्गत ग्राम उखरा और चंद्रपुर में दो चोरियों के मामले दर्ज किए गए हैं। अज्ञात चोरों ने घर घुसकर नकदी सहित सोने-चांदी के लगभग 1.83 लाख के जेवर चोरी को अंजाम दिया है। पुलिस ने दोनों ही मामलों में बीएनएस की धारा 331(4), 305(ं) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।जानकारी के अनुसार ग्राम उखरा निवासी भोजराम ठाकुर ने पुलिस को बताया कि वह किसान हैं। अक्टूबर 2025 में तमिलनाडु काम करने गया था, 04 मई 2026 को घर लौटा। छड़-सीमेंट खरीदने के लिए आलमारी खोलकर देखा, तो नकदी 15 हजार रुपए और सोना-चांदी के जेवरात सोने के टॉप्स (बाली) 2 नग (कीमती 13 हजार रुपए), सोने के लॉकेट 3 नग (छोटा) (कीमती 18 हजार रुपए), सोने का लॉकेट 1 नग (बड़ा) (कीमती 13 हजार रुपए), चांदी का करधन 1 नग (कीमती 18,000 रुपए), चांदी की पायल (एक जोड़ी) (कीमती 10,000 रुपए), चांदी की बिछिया दो जोड़ी 4 नग (कीमती 3500 रुपए), चांदी का लॉकेट 1 नग (कीमती 1000 रुपए) कुल कीमती 91,500 रुपए गायब थे। पत्नी से इस संबंध में पूछा तो उसने बताया कि 17 जनवरी 2026 को वह काम से बाहर गई थी तब बेटी सुमन ठाकुर ने पड़ोसी के मोबाइल से बताया कि सुबह करीब 10 बजे वह और दादी घर पर थीं तभी एक अज्ञात व्यक्ति आया और कहा कि आपके पिता ने छड़-गिट्टी मंगवाया है, ट्रक आ रहा है आपके पिता से बात करा रहा हूं, वो सामान का पैसा 22 हजार रुपए देने बोल रहे हैं, पलंग के तकिये के नीचे आलमारी की चाबी रखी है आलमारी में पैसा है, उसे दे दो। पिता से बात कराने कहा तो अज्ञात व्यक्ति ने कहा-अभी बात कराता हूं। पहले चाबी को ढूंढ़ने कहा तब मैं चाबी ढूंढ़ने लगी तभी पीछे से वह अज्ञात व्यक्ति कमरे के अंदर आने लगा तो मैं और मेरी दादी अंदर आने से मना किया। आलमारी में पैसा नहीं है बोलने पर उक्त अज्ञात व्यक्ति ने मां का मोबाइल मांगा। वह कॉल करने का नाटक करने लगा और कहा कि आलमारी के अंदर बक्से मे पैसा है तो मैनें मां से बात कराने व किस बक्से में पैसा है, पूछने के लिए बात कराने कहा तो अज्ञात व्यक्ति ने मैं जल्दी में हूं कहा और मेरे साथ बक्से को खोल कर देखने लगा और अचानक से कमरे से बाहर निकल गया तब मैं बक्से को आलमारी में रखने लगी तो देखा कि बक्से में सोने-चांदी के जेवरात व नकदी नहीं थे।
बाक्स
*दिनदहाड़े नकदी और जेवरात चोरी*
इसी तरह ग्राम चंद्रपुर निवासी चैनलाल साहू ने पुलिस में शिकायत की है कि 12 फरवरी 2026 को वह बलांगीर ओडिशा मिस्त्री काम करने गया था। 4 मई 2026 को ओडिसा से काम करके घर लौटा। छड़ सीमेंट खरीदने के लिए आलमारी खोला तो नकदी 12 हजार रुपए और पत्नी के सोने-चांदी के जेवर 5 ग्राम सोने की माला (कीमती करीबन 50 हजार रुपए), चांदी की सांटी 20 तोला, चांदी की पायल 06 तोला, चांदी की बिछिया 1 तोला (कीमती करीब 30 हजार रुपए) जुमला कीमती 92 हजार रुपए नहीं थे। पिताजी से आलमारी में रखे नकदी और जेवर के बारे में पूछा तो, बताए कि 16 फरवरी 2026 की दोपहर करीब 2-3 बजे के मध्य एक व्यक्ति घर आकर तेरा नाम लेकर 3 क्विंटल छड़ लाने की बात हुई है और हमाल लोगों को पैसा देना है। तब मैं लघु शंका करके आ रहा हूं बैठना बोला और लघु शंका करने बाड़ी की ओर चला गया। लघु शंका कर वापस आया तो उक्त व्यक्ति चला गया था। मुझे शंका है कि वही व्यक्ति उक्त नकदी व सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गया है।



