Latest Posts

अत्याधुनिक डॉयल-112और 4 हाईवे पेट्रोलिंग वाहनों को दिखाई  हरी झंडी

आपात स्थितियों में अब लोगों को तुरंत राहत मिलेगी : विधायक

महासमुंद। संकट की घड़ी में नागरिकों को पुलिस, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आवश्यक सेवाएं एक ही नंबर ‘112’ पर त्वरित उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महासमुंद जिले को 15 अत्याधुनिक डायल-112 वाहन और 4 हाईवे पेट्रोलिंग वाहन मिले हैं। आज पुलिस लाइन महासमुंद में आयोजित कार्यक्रम में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष मोगरा पटेल, नगरपालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

बता दें कि इन अत्याधुनिक वाहनों में नागरिकों की सुरक्षा और त्वरित सहायता के लिए आधुनिक तकनीकों से लैस कई सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वाहनों में पी टी जैड कैमरे (पैन-टिल्ट-जूम), डैश कैम, मोबाइल डेटा टर्मिनल, वायरलेस सेट, वीडियो सर्विलांस सिस्टम, माइक, सायरन, सर्च लाइट, रस्सी, टोइंग हुक, कटर और हाइड्रोलिक टूल्स लगाए गए हैं। इसके अलावा प्राथमिक उपचार सामग्री, स्ट्रेचर, आॅक्सीजन सिलेंडर और अग्निशमन यंत्र जैसी आपात सुविधाएं भी मौजूद हैं।प्रत्येक वाहन में एक चालक और एक आरक्षक तैनात रहेगा। वहीं 24 घंटे सेवा सुनिश्चित करने के लिए तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इन डायल-112 वाहनों का संचालन जी व्ही के कंपनी द्वारा किया जा रहा है, जबकि इनके सॉफ्टवेयर का प्रबंधन सी-डैक कंपनी देख रही है। हाईवे पेट्रोलिंग वाहनों का संचालन छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने इसे आम जनता की सुरक्षा और सुविधा के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इससे सड़क दुर्घटनाओं, अपराधों और आपात स्थितियों में लोगों को तुरंत राहत मिलेगी। वहीं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नई व्यवस्था से पुलिस अब किसी भी घटना स्थल पर 15 से 20 मिनट के भीतर पहुंचकर आवश्यक सहायता उपलब्ध करा सकेगी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडेय, रक्षित निरीक्षक प्रभारी दीप्ति कश्यप सहित पुलिस के अधिकारी मौजूूद थे। गौरतलब है कि 18 मई को केंद्रीय गृह मंत्री ने प्रदेशभर के लिए 400 डायल-112 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया  था, जिसके तहत महासमुंद जिले को भी यह आधुनिक सुविधाएं प्राप्त हुई है।

Latest Posts

Don't Miss