पत्थर बांधकर कुएं में फेंका गया, पुलिस गुमशुदगी रिपोर्ट के आधार पर पहचान में जुटी
महासमुंद। बागबाहरा मार्ग स्थित लभराखुर्द इलाके में सब स्टेशन के पीछे एक पुराने व सुनसान कुएं में आज सुबह एक बोरी में अज्ञात व्यक्ति की लाश मिली। इसकी जानकारी तब हुई जब स्थानीय लोगों को तेज सड़न की बदबू आने लगी, जिसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। पुलिस ने कुंए से शव बाहर निकलवाया। बताया जाता है कि शव 20-25 दिन पुराना है। फिलहाल, पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा है। रिपोर्ट के बाद ही हत्या किस प्रकार हुई है, इसकी जानकारी होगी।मालूम हो कि जिले में अपराधिक मामलों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। चाकूबाजी, चोरी, लूट की घटना तो अब आम बात हो गई है। वहीं हत्या के भी मामले बढ़ रहे हैं। अभी हाल ही में ग्राम खट्टी के हिच्छा मार्ग स्थित जंगल में ग्राम खैराभांठा निवासी प्रकाश पटेल की अज्ञात ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी थी। मामले में अभी आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। वहीं आज सुबह लभराखुर्द सरपंच गंगाराम कुर्रे ने पुलिस को सूचना दी कि सब स्टेशन के पीछे एक पुराने व सुनसान कुएं से सड़न की बदबू आ रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने कुंए में एक बंद बोरी तैरती पाई। स्थानीय लोगों की मदद से बोरे को कुंए से बाहर निकाला गया, जिसमें एक व्यक्ति की लाश मिली। देखने से मालूम होता है कि व्यक्ति की लाश को बोरी में बंद करने के बाद उसे मोटी रस्सी से कसकर बांधा गया, फिर भारी-भरकम बड़े पत्थर लटकाकर कुएं में फेंक दिया गया, ताकि शव हमेशा के लिए नीचे दबा रहे और कभी किसी को भनक न लगे। शव की हालत इतनी खराब थी कि चेहरा, निशानियाँ या पहचान के कोई भी साफ संकेत बाकी नहीं थे। पुलिस अब पूरे जिले के थानों से गुमशुदगी की रिपोर्ट्स खंगाल रही है। डीएनए टेस्ट, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की हर एंगल से जांच तेज कर दी गई है।



