18 से 40 वर्ष के युवाओं को प्रशिक्षण, जागरूक नेतृत्व तैयार करने पर जोर
महासमुंद। देश के युवाओं को संविधान के मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय युवा कांग्रेस द्वारा “संविधान लीडरशिप प्रोग्राम” की शुरुआत की गई है। बुधवार को प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकारवार्ता में युकां के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं अधिवक्ता अर्जुन अमित श्रीवास्तव ने इसकी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के लिए संविधान की समझ बेहद आवश्यक है, ताकि वे लोकतंत्र को सशक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभा सकें। इस कार्यक्रम के माध्यम से देशभर के युवाओं को जोड़कर एक जागरूक, जिम्मेदार और नेतृत्वक्षम समूह तैयार किया जाएगा, जो एक वैकल्पिक मीडिया मंच के रूप में भी कार्य करेगा। श्री श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम के तहत छत्तीसगढ़ के पांच जिलों में पत्रकारवार्ताओं के माध्यम से इसकी जानकारी दी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान परिस्थितियों में सोशल मीडिया पर अभिव्यक्ति को लेकर कार्रवाई की जा रही है, जिससे आमजन प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे मामलों में सहायता के लिए कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष निधि प्रकोष्ठ का गठन किया गया है, जो पीड़ितों को विधिक सलाह देने के साथ निःशुल्क कानूनी सहायता भी उपलब्ध कराएगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान में 18 से 40 वर्ष तक के युवा शामिल हो सकते हैं। इसमें भाग लेने के लिए राष्ट्रीय युवा कांग्रेस की सदस्यता लेना अनिवार्य नहीं है। इच्छुक युवा स्वतंत्र रूप से जुड़कर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। पत्रकारवार्ता में जिलाध्यक्ष अमन चंद्राकर, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री सोनी, पूर्व प्रदेश संयोजक अरिश अनवर, उपाध्यक्ष अनुराग चंद्राकर, लोकेश उइके, बागबाहरा ब्लॉक अध्यक्ष ताम्रध्वज बघेल, युवराज साहू सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



