Latest Posts

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन

विद्यार्थियों ने चित्रों और भाषणों के माध्यम से प्रस्तुत की विकसित एवं सशक्त भारत की परिकल्पना

जांजगीर-चांपा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ पहल के तहत जिले के सभी विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा, कल्पनाशीलता और विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने रंगों और रेखाओं के माध्यम से विकसित भारत की अपनी परिकल्पना को चित्रों में उकेरा। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सपनों का भारत, डिजिटल इंडिया, विकसित भारत 2047, स्वच्छ भारत, नारी सशक्तिकरण, नशा मुक्त भारत, शिक्षित भारत, अंतरिक्ष, डिजिटल साक्षरता, ई-गवर्नेंस सेवा तथा भारतीय संस्कृति जैसे विभिन्न विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।


जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी 1206 विद्यालयों में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में प्राथमिक स्तर के 56,248, पूर्व माध्यमिक स्तर के 37,798 तथा हाई एवं हायर सेकेंडरी स्तर के 35,789 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इस प्रकार कुल 1,29,835 विद्यार्थियों ने चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिताओं में पालक, नागरिक तथा जनप्रतिनिधि भी सहभागी बने। प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों ने अपने चित्रों एवं भाषणों के माध्यम से विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के प्रति अपनी कल्पनाओं एवं विचारों को साझा किया। विद्यालय स्तर पर आयोजित इस व्यापक कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता एवं अभिव्यक्ति कौशल प्रदर्शित करने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक होने का अवसर प्रदान किया।

Latest Posts

Don't Miss