CG Police News: लाइसेंस सस्पेंड करने कलेक्टर को लिखा पत्र
CG Police News: रायपुर। राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित ‘फर्जी कैफे’ में देर रात चल रही पार्टी पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। तेलीबांधा पुलिस ने रेड मारकर डीजे जब्त किया और कोलाहल अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। साथ ही कैफे का लाइसेंस निरस्त करने के लिए कलेक्टर को प्रतिवेदन भेजा गया है।

तेलीबांधा पुलिस को रात साढ़े 12 बजे सूचना मिली थी कि, वीआईपी रोड स्थित बेबीलॉन इंटरनेशन के ‘फर्जी कैफे’ में डीजे की धुन पर युवक-युवतियां पार्टी कर रही हैं। सिविल लाइन एसीपी रमाकांत साहू ने शिकायत को गंभीरता से लिया और पुलिस को रेड कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद तेलीबांधा पुलिस की टीम रात करीब 1:15 बजे मौके पर पहुंची। अंदर बड़ी संख्या में युवक-युवतियां मौजूद थे, तेज आवाज में डीजे बज रहा था और शराब पार्टी चल रही थी।
CG Police News: डीजे जब्त, कोर्ट में पेश होगा मामला
पुलिस ने मौके से डीजे सिस्टम जब्त कर लिया और कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। इस मामले में सोमवार को कोर्ट में इस्तगासा (लिखित शिकायत) भी पेश किया गया है।

CG Police News: कैफे का लाइसेंस रद्द करने की तैयारी
एसीपी रमाकांत साहू ने बताया कि, नियमों का उल्लंघन किया गया है। देर रात तक बिना अनुमति पार्टी आयोजित करना और तेज आवाज में डीजे बजाना नियमों के खिलाफ है। इस संबंध में कैफे का लाइसेंस निरस्त करने के लिए कलेक्टर को प्रतिवेदन भेजा गया है।
CG Police News: आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि, शहर में लेटनाइट पार्टी, ध्वनि प्रदूषण और अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले क्लब और कैफे के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि, नियमों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



