Raipur Crime News: हत्याकांड में युवती व दो नाबालिग भी शामिल, भरेंगाभाठा अभनपुर का मामला
Raipur Crime News: रायपुर। माना निवासी नितेश बत्रा की हत्या के आरोप में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें दो नाबालिग व युवती शामिल है। वहीं एक आरोपी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। आरोपियों ने नितेश बत्रा की लाश अभनपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम भरेंगाभाठा से नवागांव वाली सडक़ किनारे स्थित मुरुम में गाड़ दिए थे। पुलिस ने बताया कि प्रेमिका को परेशान करने के चलते आरोपियों ने हत्या कर मुरुम में गाड़ दिए थे।
मामले का खुलासा करते हुए ग्रामीण रायपुर पुलिस ने बताया कि हत्या के आरोप में ग्राम माही थाना करछना प्रयागराज यूपी वर्तमान पता बोरियाकला मुजगहन रायपुर निवासी श्याम सुंदर सोनी (21), भरेंगाभाठा थाना अभनपुर निवासी सुमित कोसले (21), ग्राम लखनपुर जिला सरगुजा वर्तमान पता टेमरी एकता नगर माना रायपुर निवासी सावित्री साहू (21) सहित दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण में संलिप्त आरोपी माईकल सैनी फरार है जिसकी पतासाजी की जा रहीं है।
Raipur Crime News: जानिए हत्या का कारण
पुलिस के अनुसार आरोपी श्याम सुंदर सोनी एवं सावित्री साहू के मध्य प्रेम संबंध था। 16.03.26 की रात्रि श्याम सुंदर सोनी सावित्री साहू के घर माना गया था, जहां पूर्व से नितेश बत्रा खडा था और सावित्री साहू के घर की तरफ देख रहा था। श्याम सुंदर सोनी बोला तुम यहां क्यों आए हो सावित्री साहू ने उसे फोन करके बताया है कि तुम उसे रोज आकर परेशान करते हो, इसी बात पर दोनों के बीच लड़ाई-झगड़ा हुआ। तब श्याम सुंदर सोनी ने उसके साथ मारपीट की।
Raipur Crime News:ऐसे दिया घटना को अंजाम
मारपीट करते हुए पास पड़े बबूल के लकड़ी से श्याम सुंदर ने नितेश के सिर में मारा उसी समय सावित्री साहू बाहर आई और बोली की और मारो रोज आकर मुझे परेशान करता है। उसके बाद श्याम सुंदर सोनी दुकान में काम करने वाले अपने अन्य कर्मचारियों को आटो में लेकर आया। फिर सभी नितेश बत्रा के साथ मारपीट करने लगे तब सावित्री साहू बोली मरते दम तक मारो रोज आकर परेशान करता है। उसके बाद आरोपी/अपचारी नितेश बत्रा को ऑटो में बैठाए तथा उसके स्कूटी को चलाते हुए कमल विहार डुण्डा होते हुए, मुजगहन के आगे एक पुलिया के पास पहुंचकर स्कूटी को पुलिया के नीचे गिरा दिए। सभी ऑटों में बैठकर खोरपा होते हुए खट्टी, ढोढरा के बीच तालाब के पास पहुंचकर नितेश को ऑटों से बाहर उतारकर सभी लोग हाथ मुक्का से मारपीट किये तथा गले में गमछा फंसा कर खींचकर पकड़े थे, जिससे वह बेहोश हो गया। उसके बाद परसुलीडीह और भरेंगाभाठा के बीच मुरुम खदान में ले जाकर नितेश बत्रा को दफना कर फरार हो गए।

Raipur Crime News: ऐसे पहुंची आरोपियों तक पुलिस
इसके पश्चात टीम द्वारा मृतक के परिजनों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की गई तथा उसके निवास स्थान के आसपास रहने वाले लोगों से भी जानकारी एकत्रित की गई। घटना स्थल ब्लाइंड स्पॉट में स्थित होने के कारण टीम द्वारा आसपास के कई किलोमीटर के दायरे में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। साथ ही मुखबिर सक्रिय कर तकनीकी विश्लेषण एवं अन्य माध्यमों से अज्ञात आरोपियों की पहचान के प्रयास किए गए। इसी क्रम में टीम को घटना में संलिप्त एक संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई। जांच के आधार पर आरोपी की पहचान श्याम सुंदर सोनी निवासी बोरियाकला मुजगहन रायपुर के रूप में की गई। उसकी तलाश करने पर ज्ञात हुआ कि वह आलू, प्याज एवं कलिंदर का व्यवसाय करता है तथा वह काम करने के लिए अन्य कर्मचारी भी रखा है तथा घटना के पश्चात वह एवं उसके कर्मचारी फरार हो गए हैं। इससे टीम का संदेह और अधिक गहरा हुआ तथा आरोपियों की सक्रिय रूप से पतासाजी प्रारंभ की गई। इसी दौरान घटना में संलिप्त आरोपियों की उपस्थिति के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई जिस पर टीम के सदस्यों ने आरेापियों को हिरासत में लिया।
Raipur Crime News:Raipur Crime News: इसदिन मिली थी नितेश की लाश
पुलिस के अनुसार 21 मार्च को सूचना प्राप्त हुई कि थाना अभनपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम भरेंगाभाठा से नवागांव जाने वाली सडक़ के किनारे स्थित एक मुरुम गड्ढे में एक अज्ञात व्यक्ति का शव दफन है, जिसमें शव का एक हाथ एवं एक पैर जमीन से बाहर दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही थाना अभनपुर पुलिस एवं एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर निरीक्षण करने पर पाया गया कि एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मुरूम गड्ढे में दफनाया गया है, जिसका एक हाथ और एक पैर जमीन के ऊपर निकला हुआ था। पुलिस ने मर्ग कायम कर उसकी पहचान नितेश बत्रा के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।




