Latest Posts

पश्चिम एशिया हालात पर छत्तीसगढ़ सतर्क

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ली उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

महासमुंद। पश्चिम एशिया में उत्पन्न परिस्थितियों के मद्देनज़र छत्तीसगढ़ सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर के संभागायुक्तों, पुलिस महानिरीक्षकों, कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली।

बैठक में पेट्रोलियम उत्पादों, एलपीजी गैस, उर्वरकों सहित सभी आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी स्थिति में आमजन को परेशानी न हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने कोविड जैसी चुनौती का सफलतापूर्वक सामना किया है। वर्तमान में ऐसी कोई स्थिति नहीं है, फिर भी सतर्कता जरूरी है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि पेट्रोल, गैस या खाद की कमी को लेकर किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने बताया कि राज्य स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है और प्रत्येक जिले में भी कंट्रोल रूम बनाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। अफवाहों पर नियंत्रण और सही जानकारी के त्वरित प्रसार के लिए अधिकारियों को मीडिया व सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।

*जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त*

मुख्यमंत्री ने जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि ऐसे मामलों में तत्काल कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों के स्टॉक व वितरण की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए गए हैं। बैठक में एचपीसीएल, बीपीसीएल और आईओसीएल के अधिकारियों ने जानकारी दी कि प्रदेश में पेट्रोलियम पदार्थों और एलपीजी की कोई कमी नहीं है तथा आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। गैस सिलेंडरों की ऑनलाइन बुकिंग भी सुचारू रूप से जारी है।

*शिकायतों के हेल्पलाइन नंबर जारी*

मुख्य सचिव विकास शील ने बताया कि उपभोक्ता घरेलू गैस से संबंधित शिकायतों के लिए 1800-233-3663 हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने इस नंबर के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए, ताकि शिकायतों का त्वरित निराकरण हो सके। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि अस्पतालों, छात्रावासों, शैक्षणिक संस्थानों, रेलवे, सैन्य एवं अर्धसैनिक बलों सहित सभी आवश्यक सेवाओं में गैस आपूर्ति निर्बाध बनी रहे। सीमावर्ती चेक पोस्टों पर विशेष सतर्कता बरतने और पेट्रोल-डीजल की अनधिकृत बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गे।

*जिले में छापेमारी जारी- कलेक्टर*

कलेक्टर विनय लंगेह ने जानकारी दी कि जिले में एलपीजी एवं पेट्रोलियम की पर्याप्त उपलब्धता है और नियमित छापेमारी की जा रही है। साथ ही कंट्रोल रूम और मीडिया मॉनिटरिंग टीम का गठन भी किया गया है।बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं महासमुंद जिला कार्यालय से कलेक्टर विनय लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार सहित अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े रहे।

——–

Latest Posts

Don't Miss