Latest Posts

ईस्ट-वेस्ट रेल कॉरिडोर अंतर्गत गेवरारोड–पेंड्रा रोड नई रेल लाइन निर्माण कार्य में महत्वपूर्ण प्रगति

बिलासपुर।छत्तीसगढ़ रेल विकास निगम द्वारा ईस्ट-वेस्ट रेल कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत गेवरारोड से पेंड्रा रोड के मध्य लगभग 135 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का निर्माण कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है। यह परियोजना क्षेत्रीय रेल संपर्क को सुदृढ़ करने के साथ-साथ यात्री एवं माल परिवहन को नई गति प्रदान करेगी।

इसी क्रम में पेंड्रा रोड स्टेशन से नई रेल लाइन की कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने हेतु आज नॉन-इंटरलॉकिंग का महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इस कार्य के लिए लगभग 6 घंटे का ब्लॉक लिया गया, जिसके दौरान सभी तकनीकी एवं सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कार्य को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कर लिया गया।

उल्लेखनीय है कि इस नई रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत गेवरारोड की ओर तथा पेंड्रा रोड की ओर कुछ खंडों का रेल लाइन निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जबकि दोनों स्टेशनों के मध्य शेष सेक्शन में कार्य तेजी से प्रगति पर है।

इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में औद्योगिक एवं आर्थिक विकास तथा रोजगार को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही यात्रियों को बेहतर एवं सुगम रेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे एवं छत्तीसगढ़ रेल विकास निगम द्वारा इस महत्वपूर्ण परियोजना को समयबद्ध एवं सुरक्षित रूप से पूर्ण करने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Latest Posts

Don't Miss