परेशानी से बचने एडवांस बुकिंग करा रहे घरेलू उपभोक्ता
महासमुंद। शहर में संचालित दोनों गैस एजेंसियों में पिछले 5 मार्च से व्यवसायिक एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हो रही है। ऐसे में होटल, रेस्टोरेंट, कैटरर्स और अन्य खाद्य सामग्री बेचने वाले संचालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है । यदि जल्द ही व्यवसायिक सिलेंडर की आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो इनके सामने दो ही विकल्प रह जाते हैं, या तो वे नियमों का उल्लंघन कर घरेलू सिलेंडर का उपयोग करें या फिर व्यवसाय बंद कर दें।बता दें कि पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के कारण ईंधन आपूर्ति पर बड़ा असर पड़ा है। ऐसी स्थिति में सरकार घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति को प्राथमिकता दे रही है। जिससे बाजार मूल्य वाले वाणिज्यिक एलपीजी का उपयोग करने वाले होटल, रेस्टोरेंट व अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को आपूर्ति संकट का सामना करना पड़ रहा है। मालूम हो कि जिला मुख्यालय में गौरव गैस एजेंसी में व्यवसायिक एलपीजी सिलेंडर के 56 और साईं गैस एजेंसी में 70 कनेक्शनधारी हैं। जिनके यहाँ हर माह क्रमश: 250 और 300 कुल 550 व्यवसायिक सिलेंडर की खपत है। इधर, युद्ध के चलते पैदा हुए हालातों ने कामर्शियल सिलेंडर की कीमतों में 115 रुपए और घरेलू सिलेंडर में 60 रुपए का इजाफा कर दिया है। इस वृद्धि के बाद जो कमर्शियल सिलेंडर कल तक 1957 रुपए का था, वह अब बढ़कर 2114 रुपए के ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है। इसी तरह आम आदमी की रसोई को प्रभावित करते हुए 924 रुपए वाला घरेलू सिलेंडर अब 984 रुपए में बिक रहा है। शहर में सामान्य दिनों के दौरान रोजाना लगभग 450 सिलेंडरों की सप्लाई होती है, लेकिन युद्ध की खबरों और भविष्य में किल्लत की आशंका को देखते हुए वर्तमान में सप्लाई की संख्या बढ़कर 500 तक पहुंच गई है। रोजाना एक बड़ी गाड़ी के माध्यम से शहर में 525 सिलेंडर पहुंच रहे हैं। युद्ध की पल-पल बदलती खबरों को देखने के बाद उपभोक्ता किसी भी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए अभी से एडवांस बुकिंग कराने में जुटे हैं, जिससे एजेंसियों पर दबाव बढ़ गया है। इधर, वर्तमान में व्यावसायिक सिलेंडर की आपूर्ति ठप है। ऐसे में इसका असर सीधे होटल, ढाबों और छोटे व्यवसायियों पर भी पड़ेगा।
*होटल बंद करने की आ सकती है नौबत : ममता*
बस स्टैंड में संचालित होटल व्यवसायी ममता जैन ने बताया कि पिछले एक हफ्ते से व्यवसायिक एलपीजी सिलेंडर नहीं आया है। अब तो उसकी बुकिंग भी नहीं हो रही है। हमें हर माह 15 व्यवसायिक सिलेंडर की जरूरत पड़ती है और सुनने में आया है कि व्यवसायिक सिलेंडर की आपूर्ति अब नहीं होगी। अगर हम घरेलू सिलेंडर का उपयोग करते है तो कार्रवाई होने का डर है। ऐसे में अगर सिलेंडर न मिला तो होटल बंद करने की नौबत आ जाएगी।
*आर्डर कैंसिंल होने बहुत नुकसान हो नाम भी खराब होगा*
कैटरर्स संचालक शशिकांत जैन ने बताया कि पहले से हमने तीन-चार शादी व अन्य पार्टी का आर्डर ले रखे हैं? इधर, व्यवसायिक सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हो रही है। ऐसे में अगर आर्डर कैंसिल होता है तो बहुत नुकसान उठाना पड़ेगा और काम बंद होने से आर्थिक संकट तो आएगा ही। बाजार में हमारा नाम भी खराब होगा।
व्यवसायिक सिलेंडर की आपूर्ति प्लांट से ही बंद- पंकज
गौरव गैस ऐजेसी के संचालक पंकज चंद्राकर ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से व्यवसायिक सिलेंडर की आपूर्ति प्लांट से ही बंद है। हमें साफ तौर पर निर्देश है कि केवल घरेलू उपभोक्ता को ही एलपीजी सिलेंडर देना है। यदि भविष्य में व्यवसायिक सिलेंडर की आपूर्ति होती भी है तो केवल आंगनबाड़ी, मध्याह्न भोजन वालों को ही व्यवसायिक सिलेंडर देना है। होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट वालों को नहीं देने का निर्देश है।
*बुकिंग पर दिया जाएगा सिलेंडर व्यवसायिक सिलेंडर*
श्री साई गैस एजेंसी के संचालक धर्मेन्द्र महोबिया ने बताया कि व्यवसायिक सिलेंडर की आपूर्ति बंद है। रही बात घरेलू एलपीजी सिलेंडर की तो उन्ही को दिया जाएगा जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग होगी । युद्ध के चलते घरेलू सिलेंडर की आपूर्ति में भी फर्क पड़ा है। अब हर दूसरे दिन केवल एक ट्रक की आपूर्ति हो रही है।




