जिले में लगातार बढ़ रही चोरी और लूट की घटनाएं
महासमुंद। जिले में इन दिनों चोरी और लूट की घटनाओं में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। सोमवार को पहले पिथौरा फिर सांकरा थाना अंर्तगत अज्ञात तीन लोगों ने लूट को अंजाम दिया। वहीं तुमगांव में सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों के आभूषण और सिंघोड़ा में राइस मिल के गोदाम से 60 बोरी धान अज्ञात ने पार कर दी। पुलिस विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना कर रही है।
जानकारी के अनुसार सांकरा थाना अंर्तगत ग्राम कसहीबाहरा निवासी लिलेश्वर सहीस ने शिकायत की है कि 8 मार्च को बाइक क्रमांक सीजी 06 एच सी 8936 से अपने दोस्त चुमन सहिस, देवा ध्रुव के साथ रात करीब 11 बजे ग्राम कसीबाहरा से अपने दोस्त हलधर ध्रुव को लेने सरायपाली गया था वापसी में लोहरिनडोंगरी जरहा पुलिया के पास रात करीब 2 बजे पल्सर बाइक में तीन अज्ञात हमारी बाइक के आगे अपनी बाइक खड़ा कर चाकू दिखाकर हमसे 2 नग मोबाइल और 500 रुपए नकद लूट कर फरार हो गए।पुलिस के अनुसार इससे पहले उक्त तीनों ने पिथौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक पेट्रोल पंप से नकदी लगभग 36,500 रुपए एवं एक मोबाइल लूटकर ले गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार हेमंत साहू ने थाने में शिकायत की है कि 8 मार्च की रात करीब 2:15 बजे एक पल्सर बाइक पर सवार अज्ञात तीन युवकों ने सो रहे सेल्समैन और कर्मचारियों को जगाया। बाद आरोपियों ने चाकू की नोक पर डरा-धमका कर लूटपाट शुरू कर दी। लुटेरों ने मौके से नकदी लगभग 36,500 रुपए व एक मोबाइल लूटकर ले गए। स्टॉफ ने रात को ही इस घटना की सूचना 112 को दी, इधर घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जहां पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में तीनों संदिग्ध युवक कैद हो गए हैं। पुलिस ने दोनों ही मामले में 309(4), 3(5) दर्ज कर लिया है। मामले में एएसपी प्रतिभा पाण्डेय ने बताया कि पिथौरा व सांकरा थाने में हुई लूट में तीनों युवक शामिल हैं जो सरायपाली के रहने वाले हैं। आरोपी लूट के बाद बाइक छोड़कर फरार हो गए, जिनमें से एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है वहीं अन्य दो की तलाश जारी है।
*अछोली में लाखों के जेवर चोरी*
तुमगांव थाना अंर्तगत एक मकान से चोरों ने लाखों के जेवर पार कर दी। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(ए) मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। जानकारी के अनुसार ग्राम अछोली निवासी देवेन्द्र चंद्राकर ने पुलिस को बताया कि 7 मार्च को बड़े भाई की शादी में शामिल होने पूरा परिवार महासमुंद गया था।10 मार्च को जब शादी से लौटे तो देखा की चैनल और घर के अंदर कमरों का ताला टूटा हुआ था।वहीं एक कमरे के अंदर रखी आलमारी से इस्तेमाली एक नग सोने की चैन 13 ग्राम, सोने का गेहूं दाना 10 नग , सोने की एक जोड़ी कान का लटकन, दो नग सोने की फुल्ली, सोने का मंगलसूत्र 10 ग्राम, सोने का मंगलसूत्र 04 ग्राम, सोने की चैन पेन्डेंट 08 ग्राम, सोने का कान का सुईधागा 03 ग्राम, सोने की 05 नग अंगूठी, सोने का 12 नग गेहूं दाना, चांदी की एक पायल (कीमती 3.55 लाख रुपए) अज्ञात ने पार कर दी।
*गोदाम से 60 बोरी धान चोरी*
ग्राम खरखरी निवासी प्रेनलाल प्रधान ने सिंघोड़ा पुलिस से शिकायत की है कि खरखरी में राईस मिल से लगे गोदाम से 60 बोरी धान चोरी हो गई। 7 मार्च की रात 10 बजे रोजाना की तरह वह राईस मिल व गोदाम बंद कर घर गया । दूसरे दिन गोदाम का ताला टूटा हुआ था और गोदाम से 60 बोरी धान गायब था।
———–




