Latest Posts

पहले दिन 73 दोपहिया चालकों का ई-चालान

आईटीएमएस व 360 डिग्री कैमरों से शहर के चौक-चौराहों पर निगरानी, हेलमेट नहीं पहनने पर 500 रुपये जुर्माना

महासमुंद। सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने से होने वाली मौतों को रोकने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए जिला पुलिस ने 8 मार्च से हेलमेट नहीं पहनकर दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई शुरू कर दी है। अभियान के पहले ही दिन 73 दोपहिया वाहन चालकों के ई-चालान जारी किए गए।
          जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोका जा सके और चालानी कार्रवाई से भी बचा जा सके।
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे लगभग 30 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। इसके अलावा आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) के आधुनिक कैमरे भी लगाए गए हैं। इन कैमरों की मदद से ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की पहचान कर स्वत: ई-चालान जारी किया जाएगा। यह ई-चालान सीधे वाहन मालिक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजा जाएगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार चालान जारी होने के बाद निर्धारित समय के भीतर राशि का भुगतान करना अनिवार्य होगा। तय समय में भुगतान नहीं करने पर अतिरिक्त जुर्माना लगाया जा सकता है। साथ ही वाहन के बीमा, फिटनेस प्रमाण-पत्र या अन्य दस्तावेजों के नवीनीकरण के दौरान भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय ने बताया कि लंबे समय से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट के उपयोग को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद अभी भी कई लोग हेलमेट पहनने के प्रति लापरवाह हैं। वर्ष 2024 और 2025 में जिले में कुल 476 सड़क दुर्घटनाओं में 327 लोगों की मौत हुई, जिनमें से 297 लोगों की मृत्यु दुर्घटना के दौरान हेलमेट न पहनने के कारण सिर पर गंभीर चोट लगने से हुई।
वहीं वर्ष 2026 के पहले दो महीनों में हुई 37 सड़क दुर्घटनाओं में 24 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 20 लोगों की जान हेलमेट नहीं पहनने के कारण सिर पर चोट लगने से गई। ऐसे में सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर को कम करने के लिए हेलमेट पहनना अत्यंत आवश्यक है और इसी उद्देश्य से ई-चालान की व्यवस्था शुरू की गई है।
*हेलमेट न पहनने पर 500 रुपये का जुर्माना*
एएसपी ने बताया कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति बार-बार नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके ड्राइविंग लाइसेंस को रद्द करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
*30 आधुनिक कैमरों से हो रही निगरानी*
शहर में 360 डिग्री तकनीक वाले लगभग 30 आधुनिक कैमरे लगाए गए हैं, जो चारों दिशाओं में घूमकर निगरानी करते हैं। ये कैमरे दूर से ही वाहनों के नंबर प्लेट को पहचानने में सक्षम हैं। बरोंडा चौक, बस स्टैंड, सिटी कोतवाली, अंबेडकर चौक, ओवरब्रिज तुमगांव रोड और नेहरू चौक सहित कई प्रमुख स्थानों पर ये कैमरे लगाए गए हैं, जहां लगातार निगरानी की जा रही है।

Latest Posts

Don't Miss