Latest Posts

अब बिना हेलमेट दोपहिया चलाना पड़ेगा महंगा

महासमुंद में कैमरों से कटेगा ई-चालान, आईटीएमएस और एआई तकनीक से होगी पहचान

महासमुंद( संवाद साधना)। सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने से होने वाली मौतों को रोकने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए महासमुंद शहर में अब दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। हेलमेट नहीं पहनने वालों पर अब पुलिस द्वारा शहर में लगे कैमरों और आधुनिक तकनीक की मदद से ई-चालान की कार्रवाई की जाएगी। यह व्यवस्था आज 8 मार्च से शहर में लागू कर दी गई है।बता दें कि जिला पुलिस महासमुंद और यातायात पुलिस द्वारा पिछले कई दिनों से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों और विद्यार्थियों को वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। बावजूद शहर में बड़ी संख्या में लोग बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाते नजर आ रहे थे। ऐसे में दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने के उद्देश्य से अब सख्ती से कार्रवाई शुरू की गई है।पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस नोट के अनुसार शहर में लगे कैमरों के माध्यम से आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) लागू किया जा रहा है। इसमें एआई आधारित तकनीक की मदद से रियल-टाइम में बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों की पहचान की जाएगी और वाहन नंबर दर्ज किया जाएगा। इसके बाद वाहन मालिक के मोबाइल पर ई-चालान का मैसेज और आॅनलाइन भुगतान का लिंक भेजा जाएगा।पुलिस के अनुसार पिछले एक सप्ताह से इस नई व्यवस्था का ट्रायल चल रहा था, जिसमें करीब 3700 नियम उल्लंघन करने वालों की पहचान हुई। वहीं लगभग 1100 लोग एक से अधिक बार बिना हेलमेट के वाहन चलाते पाए गए। फिलहाल ऐसे लोगों को जागरूक करने के लिए एक मौका दिया जा रहा है, लेकिन अब नियम तोड़ने पर सीधे डिजिटल माध्यम से चालान जारी होगा। यदि 90 दिनों के भीतर चालान का भुगतान नहीं किया गया तो मामला स्वत: न्यायालय में भेज दिया जाएगा।*सिर की चोट से सबसे अधिक मौतें*

महासमुंद शहर से होकर नेशनल हाईवे-353 गुजरता है और शहर में यातायात का दबाव भी अधिक रहता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। जिले के सड़क दुर्घटना के आंकड़े भी चिंता बढ़ाने वाले हैं। वर्ष 2024 और 2025 में जिले में कुल 476 सड़क दुर्घटनाओं में 327 लोगों की मौत हुई। इनमें से 297 लोगों की मृत्यु दुर्घटना के दौरान हेलमेट न पहनने के कारण सिर पर गंभीर चोट लगने से हुई।वहीं वर्ष 2026 के पहले दो महीनों में हुई 37 सड़क दुर्घटनाओं में 24 लोगों की मौत हुई, जिनमें से 20 लोगों की जान हेलमेट नहीं पहनने के कारण सिर पर चोट लगने से हुई।

*अप्रैल से पूरे जिले में लागू होगी व्यवस्था*

महासमुंद शहर के बाद अप्रैल माह से जिले के सरायपाली, बसना और बागबाहरा ब्लॉक में भी कैमरा आधारित ई-चालान प्रणाली शुरू की जाएगी, जिससे यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं में होने वाली अनमोल जानों को बचाया जा सके।

Latest Posts

Don't Miss