69.19 लाख की लागत से बनी पानी टंकी, 3143 मीटर पाइपलाइन बिछाकर 341 घरों तक पहुंचा नल कनेक्शन – महिलाओं को मिली सबसे बड़ी राहत
महासमुंद ( संवाद साधना)। जिले के महासमुंद विकासखंड अंतर्गत ग्राम पाली में कुछ समय पहले तक ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। गांव में पानी के लिए केवल कुछ हैंडपंप और पावर पंप ही उपलब्ध थे, जिन पर पूरे गांव की निर्भरता थी। गर्मी के मौसम में पानी की समस्या और भी गंभीर हो जाती थी। खासकर महिलाओं को दूर-दूर तक जाकर पानी लाना पड़ता था, जिससे उनका काफी समय और श्रम व्यय होता था।
ग्रामीणों की इस समस्या को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा हर घर जल योजना के अंतर्गत ग्राम पाली में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया। योजना के तहत लगभग 69.19 लाख रुपये की लागत से एक ऊंची पानी टंकी का निर्माण कराया गया। इसके साथ ही पूरे गांव में लगभग 3143 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई और 341 घरों में नल कनेक्शन प्रदान किए गए। गांव में पहले से उपलब्ध 9 हैंडपंप और 10 पावर पंप भी जल स्रोत के रूप में उपयोग किए जा रहे हैं। ग्राम पंचायत के सरपंच भुवनेश्वर लोधी के नेतृत्व और ग्रामवासियों के सहयोग से यह कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ। इसके बाद से गांव के प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचने लगा है। ग्राम पाली में 21 जनवरी 2026 को हर घर जल प्रमाणिकरण भी किया गया, जो गांव के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इस योजना का सबसे अधिक लाभ गांव की महिलाओं को मिला है। गांव की निवासी खिलेश्वरी बताती हैं कि पहले उन्हें रोजाना पानी लाने के लिए काफी दूर जाना पड़ता था और कई बार लंबा इंतजार भी करना पड़ता था। अब घर में ही नल के माध्यम से स्वच्छ पानी उपलब्ध हो रहा है, जिससे उनका समय और मेहनत दोनों बच रहे हैं। अब वे अपने परिवार और अन्य कार्यों पर अधिक ध्यान दे पा रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि घर में ही पानी की सुविधा मिलना उनके लिए किसी बड़े उपहार से कम नहीं है। विशेषकर महिला दिवस के अवसर पर यह सुविधा गांव की महिलाओं के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। आज ग्राम पाली में हर घर जल योजना के माध्यम से घर-घर स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो रहा है, जिसके लिए ग्रामीणों ने शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।




