Raipur News: रायपुर, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 53 चालकों पर राजधानी पुलिस ने कार्रवाई की है। इससे नशे में वाहन चलाने वाले चालकाें में हड़कंप मच गया। इस कार्रवाई में कार, मोटरसाइकिल, माल वाहक, ई-रिक्शा और बस के चालक शामिल है। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने नशे की हालत में वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे, जिस पर टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया।

मिली जानकारी के अुनसार अभियान के तहत अब तक लगभग 1432 नशेड़ी वाहन चालकों के विरूद्ध कार्रवाई की जा चुकी है। नशेड़ी चालकों का वाहन मौके पर ही जब्त कर प्रकरण निराकरण के लिए कोर्ट भेजा गया, जहां न्यायालय द्वारा प्रत्येक प्रकरणों में 10,000 से 15000 रुपए का भारी भरकम जुर्माना लगाया गया है, साथ ही उनका लाइसेंस निलबंन की कार्रवाई अलग से की जाती है।

एसएसपी रायपुर के निर्देशानुसार सडक़ घटनाओं पर नियंत्रण के लिए रात 11 से 2 बजे तक विशेष चेकिंग अभियान चालू किया गया है। उक्त अभियान के तहत 10 नवंबर से 20 नवंबर तक ड्रंक एंड ड्राइव के विरूद्ध 29 कार, 14 मोटर सायकल, 7 माल वाहक वाहन एवं 1 ई-रिक्शा कुल 51 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह भाठागांव बस स्टैंड द्वारा यात्री बसों से हो रहे लगातार सडक़ दुर्घटनाओं पर चालकों के द्वारा शराब सेवन कर वाहन चलाने की आशंका को देखते हुए बस चालकों की जांच की गई जिसमें शर्मा बस सर्विस की रायपुर से सरायपाली जाने वाले बस एवं राजिम से रायपुर जाने वाले बस को भाठागांव चौक के पूर्व चालक की ब्रिथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई, जिसमें क्रमश: 124एमजी/100एमजी एवं 57एमजी/100एमजी की मात्रा की पुष्टि हुई। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यात्रियों को दूसरे बसों में जाने की सलाह देकर बस को जब्त किया गया। वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण तैयार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रायपुर डॉ प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक यातायात रायपुर सतीश ठाकुर एवं गुरजीत सिंह के नेतृत्व में चलाई जा रही है, जिसके तहत यातायात के अधिकारी स्वयं उपस्थित रहकर चेकिंग अभियान का नेतृत्व कर रहें है।



