पूर्व उपमुख्यमंत्री ने पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं से अभी से तैयारी करने किया आह्वान
महासमुंद। प्रदेश में वर्तमान भाजपा सरकार को 20 माह हो चुका है। सरकार कैसे और कहां से चल रही है, यह हम सब देख रहे हैं। प्रदेश में खाद की कमी, बिजली बिल हाफ योजना बंद, बिजली की बढ़ती कीमत, कर्मचारी हड़ताल पर, भर्तियां रूकी है, कानून व्यवस्था शिक्षा और स्वास्थ्य चरमराई हुई है। इन सभी का प्रभाव प्रदेश की आम जनता पर पड़ रहा है। यह सरकार छत्तीसगढ़ की आम जनता के हितों का न तो ख्याल रख पा रही है और न ही उनकी सुरक्षा कर पा रही है। उपरोक्त बातें आज प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कांग्रेस कार्यालय में कही।उन्होंने कहा कि इससे पहले हमनें 5 साल सफलतापूर्वक शासन चलाया। किसान, आम नागरिक से लेकर सभी वर्गों के लिए काम किया। किन्हीं कारणों से हम इस बार सरकार नहीं बना पाए। पर, अब की बार हमें एकजुट होकर संगठन, बूथ ईकाई, मंडल व सभी स्तर पर जोर-शोर से एक साथ मिलकर कार्य करना है। श्री सिंह ने कहा कि मेरे पास जो राजनीतिक शेष समय रह गया है उसमें अर्जुन की तरह मेरा एक ही लक्ष्य है कि अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बने और लोकसभा में भी हम अधिक से अधिक सीट जीतकर देश में कांग्रेस की सरकार बनाने में अपनी अहम भूमिका निभाएं। उन्होंने पार्टी के उपस्थित पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आगामी चुनाव के लिए 40 माह का समय बचा है। पर इसके लिए अभी से तैयारी शुरू करना जरूरी है। एकजुट होकर, सबको साथ लेकर, अपनी व्यक्तिगत लालसा को दूर रखकर केवल एक ही लक्ष्य कि हमें प्रदेश में अगली सरकार बनाना है यह संकल्प लेकर काम करना होगा। भाजपा के इस 20 माह के कार्यकाल में बाहर के उद्योगपति यहाँ आकर सरकार से मिलीभगत कर अनैतिक तरीके से अपना कब्जा जमा रहे हैं। यह नीति छत्तीसगढ़ की जनता के हित में नहीं है, इसलिए परिवर्तन जरूरी है। चुनाव में अपने प्रतिद्वंद्वी को कमजोर नहीं समझना चाहिए। सरकार अच्छा काम नहीं कर रही, इसलिए वह हार जाएगी, केवल एक कारण से हम जीत नहीं सकते। जीत के लिए संगठन की मजबूती बहुत जरूरी है।भाजपा चुनाव जीतने के लिए जुगाड़ करती हैपूर्व उप मुख्यमंत्री श्री सिंहदेव ने चुनावों में हो रही गड़बड़ी का मुद्दा उठाते हुए महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, दिल्ली का उदाहरण दिया और कहा कि राहुल गांधी द्वारा उठाया गया मुद्दा आने वालेचुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए जुगाड़ लगाती है। जिसके विषय में राहुल गांधी ने पुरजोर आवाज उठाई है। संगठन की मजबूती के लिए आलाकमान कई स्तर पर काम कर रहा है। जिसमें मंडल इकाई एक उदाहरण है। आने वाले समय में जिला, मंडल, सेक्टर, बूथ स्तर की बहुत बड़ी भूमिका हो सकती है। इन सभी को चाहिए कि वोटर लिस्ट पर बड़ी बारिकी से काम करना होगा। मतदाता सूची दुरुस्त करना, सही मतदाता वोट डाल सकें इस पर बड़ी जिम्मेदारी से काम करने की जबाबदारी हमारे ऊपर है। बता दें कि पूर्व उपमुख्यमंत्री सिंहदेव कांग्रेस भवन से पूर्व विधायक स्व. अग्नि चंद्राकर के घर संवेदना प्रकट करने जाने के बाद, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर का कुशलक्षेम जानने उनके निवास और नपा अध्यक्ष निखिलकांत साहू निवास भी जाएंगे। कार्यक्रम को अमरजीत चावला, खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव, पूर्व विधायक देवेन्द्र बहादुर सिंह, रश्मि चंद्राकर ने भी संबोधित किया। इस दौरान, नपा अध्यक्ष निखिलकांत साहू, ब्लॉक अध्यक्ष खिलावन बघेल, पार्टी पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



