Latest Posts

48 घंटे बाद मिला अधेड़ का शव

स्टाप डैम की मिट्टी धंसने से बह गया था, एनडीआरएफ की 33 सदस्यीय टीम ने किया रेस्क्यू

महासमुंद। जिले के सरायपाली स्थित ग्राम रक्सा में गुरुवार को स्टाप डैम की मिट्टी धंसने से पानी में बहकर लापता हुए अधेड़ का शव 48 घंटे बाद आज सुबह घटनास्थल से 3 किलोमीटर दूर पानी में तैरता हुआ मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पीएम के लिए भेज दिया है।
बता दें कि रक्सा में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे ग्राम रक्सा निवासी शोभाराम पाण्डेय (40) नाला पर बने स्टॉप डैम के किनारे खड़ा था। मिट्टी अचानक धंस गई। जिससे मिट्टी के साथ शोभाराम भी बह गया। पास खड़े मछुआरों ने इस घटना की सूचना गांव वालों को दी। कोटवार के माध्यम से पुलिस को जानकारी मिली। सिंघोड़ा पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश की, पर कोई सफलता नहीं मिली। शुक्रवार को शोमाराम की तलाश के लिए भिलाई एनडीआरएफ की 33 सदस्यीय टीम सुबह से आॅक्सीजन सिलेंडर लेकर रेस्क्यू आॅपरेशन में जुटी रही। इस दौरान स्टॉप डैम से मोटर पंप से पानी निकालने की कोशिश की गई, लेकिन अधिक समय लगने के कारण जेसीबी और पोकलेन मशीन से घटना स्थल से कुछ दूरी पर स्टॉप डैम से निकलने वाले पानी को दूसरी ओर डायवर्ट किया गया जिससे कि स्टॉप डैम का पानी सुखाया जा सके। इस बीच एनडीआरएफ टीम को बारिश के कारण बचाव कार्य में कठिनाई भी हुई। शुक्रवार देर शाम तक एनडीआरएफ को कोई सफलता नहीं मिल पाई।
*48 घंटे चला रेस्क्यू*
लापता शोभाराम की तलाश में सिंघोड़ा पुलिस ने एसडीआरएफ की मदद से तलाश अभियान शुरू किया। जब यह प्रयास सफल नहीं हुआ, तो शुक्रवार को भिलाई से एनडीआरएफ की 33 सदस्यीय टीम को बुलाया गया, जिसने आज सुबह रेस्क्यू आॅपरेशन के दौरान शोभाराम का शव घटनास्थल से 3 किलोमीटर दूर पानी में तैरता पाया। टीम ने ट्यूब की मदद से शव को किनारे तक लाया। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है। 48 घंटे तक चले इस रेस्क्यू आॅपरेशन में एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार जुटी रहीं। यह घटना स्थानीय लोगों के लिए चेतावनी है कि स्टॉप डैम के किनारे सावधानी बरतनी चाहिए।

Latest Posts

Don't Miss