कोरबा, एसईसीएल की मानिकपुर परियोजना में कार्यरत ठेका कंपनी एनएसपीएल के अधिकारियों और ठेका कर्मियों के बीच पिछले दिनों हुई मारपीट के मामले में ठेका कंपनी के इंचार्ज सुपरवाईजर सहित 6 लोगों पर बलवा और विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है।
घटना दिनांक 15 सितंबर को प्रात: 11.45 बजे हुए घटनाक्रम की रिपोर्ट नैन कुमार उरांव ने दर्ज कराया है। एनएसपीएल के इंचार्ज कल्याण मांझी, गौतम चटर्जी, सुपरवाईजर अंकित, अंतनु, फोरमैन गौतम तिवारी व डोजर इंचार्ज कृपानिधान सोनी पर आरोप है कि इनके द्वारा एक राय होकर गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का एवं डंडा से मारपीट किया गया। नैन कुमार सहित शेख तस्लीम, गजानंद धीवर को भी चोट आई है। हेल्पर नैन कुमार उरांव निवासी रांपाखर्रा ने बताया कि कार्य के दौरान इन अधिकारियों के द्वारा उसे आदिवासी कहकर गाली देते हुए कुछ कामधाम नहीं आता और यहां काम पर लग गए हो कहकर अपमानित किया गया। कुछ दिन पहले ही एनएसपीएल के जीएम समीर महाराज के द्वारा भी जातिगत गालीगलौज कर अपमानित किया गया। मामले में मानिकपुर चौकी पुलिस ने उक्त 6 लोगों के विरुद्ध धारा 147, 148, 294, 323 भादवि के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है।
0 हेल्पर सहित 30 लोगों पर भी एफआईआर
इस घटनाक्रम में एनएसपीएल के मेंटेनेंस मैनेजर गौतम चटर्जी की रिपोर्ट पर हेल्पर नैन कुमार, तस्लीम व 25-30 अन्य साथियों के विरुद्ध धारा 147, 148, 294, 323 भादवि के तहत जुर्म दर्ज किया गया है। गौतम का आरोप है कि वह अपने कार्यालय में ड्यूटी कर रहा था कि इस दौरान 4-5 हेल्पर वहां पहुंचे और एकाएक इनके द्वारा गालीगलौज कर मारपीट किया गया। चोटिल होने पर गौतम, अंकित, विष्णु, कल्याण व अन्य स्टॉफ को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से लौटकर एफआईआर दर्ज कराया गया।



