जांजगीर-चांपा। पैसे लेकर शराब बिक्री के आरोपियों को छोड़ने के मामले में थाना सारागांव में पदस्थ प्रशिक्षु उप निरीक्षक सहित 06 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, पुलिस अधीक्षक ने यह कार्रवाई की है और आगे की जांच की जिम्मेदारी सीएसपी जांजगीर को सौंपी है, आरोप प्रमाणित होने पर संबंधितों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध करने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिले के थाना सारागांव के इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा मामले की जांच नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर से कराई गई, जांच के दौरान 4 नवंबर को धारा 36(च) आबकारी एक्ट के तहत आरोपी गोपाल से थाना सारागांव में पदस्थ प्रशिक्षु उप निरीक्षक पुष्पेंद्र साहू सहित पुलिस के 6 अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा रकम का लेन-देन किया जाना प्रमाणित पाया गया। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप प्रमाणित पाए जाने तथा मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए प्रशिक्षु उप निरीक्षक पुष्पेंद्र साहू, प्रधान आरक्षक क्रमांक 361 अर्जुन जांगड़े तथा आरक्षक क्रमांक 22 दीपक सिंह, आरक्षक क्रमांक 05 शंकर जयकिशन, आरक्षक क्रमांक 495 सुनील रमन एवं आरक्षक क्रमांक 11 गोवर्धन टाईगर, सभी थाना सारागांव में पदस्थ, को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय द्वारा सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे को प्रकरण की आगे की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जांच के दौरान आबकारी अधिनियम के प्रकरण में आरोपी गोपाल गोंड़ से कथित रकम के लेन-देन के संबंध में विस्तृत कथन दर्ज कर उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण करने, उक्त प्रकरण से संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कथन दर्ज कर उनकी भूमिका एवं संलिप्तता की जांच करने, यदि किसी अन्य सिविलियन व्यक्ति द्वारा पुलिस एवं आरोपी के मध्य कथित लेन-देन में मध्यस्थता किए जाने संबंधी साक्ष्य प्राप्त होते हैं, तो उसका भी परीक्षण कर संबंधित व्यक्ति का कथन दर्ज करने और जांच में भ्रष्टाचार एवं अवैध रूप से रकम लेन-देन के आरोप प्रमाणित पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत अपराध पंजीबद्ध कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करते हुए प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक श्री पाण्डेय ने सख्त लहजे में कहा है कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार, अवैध लेन-देन एवं अनुचित गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं है, जांच पूरी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ की जाए, आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित किसी भी अधिकारी अथवा कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा तथा उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



