Latest Posts

प्रधानमंत्री की हालिया अपील जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने वाली : कांग्रेस

जनता को कम उपयोग की सलाह देकर अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर रही सरकार

महासमुंद। पेट्रोल-डीजल, गैस संकट और लगातार बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकारवार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्र तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपीलों को ‘जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने वाला बयान’ बताया। उन्होंने कहा कि पिछले दो महीनों से देशभर में लोग पेट्रोल, डीजल और गैस संकट से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। ऐसे समय में प्रधानमंत्री द्वारा किसानों को उर्वरक कम उपयोग करने, कर्मचारियों को ‘वर्क फ्रॉम होम’अपनाने, महिलाओं को खाद्य तेल और गैस की खपत घटाने तथा लोगों को सोना व विदेश यात्रा से बचने की सलाह देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।श्री तिवारी ने कहा कि ‘जब सरकार समस्याओं को नियंत्रित नहीं कर पा रही, तब जनता को कम उपयोग की सलाह देकर अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर रही है।’ उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने अब तक इस वैश्विक संकट पर विपक्षी दलों की सर्वदलीय बैठक तक नहीं बुलाई। कांग्रेस नेता ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा करने वाली सरकार आज किसानों को उर्वरक कम इस्तेमाल करने की सलाह दे रही है। उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में करीब 15 लाख मीट्रिक टन उर्वरक की जरूरत है, लेकिन अब तक मात्र 51 हजार मीट्रिक टन ही सोसाइटियों तक पहुंच पाया है। उन्होंने कहा कि उर्वरक की कमी और बढ़ती कीमतों के कारण किसान कर्ज के बोझ तले दबते जा रहे हैं तथा खेती की उत्पादकता प्रभावित हो रही है। श्री तिवारी ने प्रधानमंत्री की ‘वर्क फ्रॉम होम’ सलाह पर सवाल उठाते हुए कहा कि खेतों में काम करने वाले मजदूर, फेरी लगाकर सामान बेचने वाले और रोज कमाने-खाने वाले लोग घर बैठकर कैसे काम करेंगे।उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। खाद्य तेल ही नहीं, हर जरूरी वस्तु की कीमत बढ़ चुकी है और गृहणियां मजबूरी में खर्चों में कटौती कर रही हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि वर्ष 2013 में सोने की कीमत करीब 28 से 29 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम थी, जो अब बढ़कर डेढ़ लाख रुपए के करीब पहुंच गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में महंगाई बेतहाशा बढ़ी है और इसका सीधा असर आम परिवारों पर पड़ा है।

*‘12 वर्षों में भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया’*

श्री तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते 12 वर्षों में पेट्रोलियम उत्पादों पर भारी कर लगाकर जनता से लाखों करोड़ रुपए वसूले गए। उन्होंने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड आॅयल सस्ता था, तब भी देश में पेट्रोल-डीजल महंगे दामों पर बेचा गया। अब जबकि कई राज्यों में ईंधन संकट गहरा रहा है, सरकार राहत देने के बजाय बचत की अपील कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने बीते 12 वर्षों में तेल और गैस भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि संकट के समय देश में पर्याप्त भंडारण व्यवस्था नहीं होने के कारण जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है।

*‘महंगाई और बेरोजगारी से आम आदमी कर्जदार’*

तिवारी ने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, महंगे पेट्रोल-डीजल, टोल टैक्स और जीएसटी ने आम परिवारों की आर्थिक स्थिति खराब कर दी है। उन्होंने दावा किया कि हालिया सर्वे में बड़ी संख्या में परिवारों को घर चलाने के लिए कर्ज लेने की नौबत आने की बात सामने आई है। पत्रकारवार्ता के दौरान खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, अमरजीत चावला, रश्मि चंद्राकर, आलोक चंद्राकर, गुरमीत चावला, अंकित बागबाहरा, कृष्णा चंद्राकर, लक्ष्मण पटेल, नितिन बनर्जी सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Latest Posts

Don't Miss