कोरबा …… आदिवासी समाज के अमर शहीद वीर नारायण सिंह की शहादत दिवस पर कटघोरा में सर्व आदिवासी समाज द्वारा उन्हें याद करते हुए कटघोरा के गोंडवाना भवन से विशाल रैली निकाल कर पूरे कटघोरा नगर का भ्रमण कर कटघोरा नगर के मुख्य चौराहे पर स्थापित शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा के पास जाकर रैली समाप्त हुई।
इस मौके पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के नवनिर्वाचित पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर मरकाम ने प्रमुख रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। विधायक श्री मरकाम ने कटघोरा चौक पर स्थापित अमर शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा को नमन करते हुए मालार्पण किया और अमर शहीद वीर नारायण सिंह जिंदाबाद के नारे का उद्घोष किया। इस दौरान पाली तानाखार विधायक तुलेश्वर मरकाम ने वीर नारायण सिंह के मातृभूमि के लिए योगदान को याद करते हुए कहा है कि स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन न्यौछावर कर देने वाले आदिवासी जन-नायक वीर नारायण सिंह छत्तीसगढ़ महतारी के सच्चे सपूत थे। उन्होंने सन् 1856 के भीषण अकाल के दौरान गरीबों को भूख से बचाने के लिए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ कठिन संघर्ष किया।



